घास-फूस और गंदगी से अटी ड्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाई गई अमीन-कैथल ड्रेन वाया कौल-चंदलाना विभाग की अनदेखी का शिकार हो रही है। ड्रेन पूरी तरह से घास फूस व गंदगी से अटी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी के प्रकोप से बचने के लिए सरकार ने उनके खेतों से जमीन अधिग्रहित कर ड्रेन बनाई थी। ताकि बारिश का पानी ड्रेन के माध्यम से आगे जा सके और फसलें बर्बाद होने से बचाई जा सके। लेकिन वर्षों से इस ड्रेन की सफाई नहीं की गई है। किसानों का कहना है कि ड्रेन की सफाई कागजों तक ही सीमित रह गई है। अगर बारिश अधिक हो जाती है तो उनकी धान की फसल पानी में डूब जाएगी, जिससे उन्हें लाखों का नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से ड्रेन की सफाई कराने की मांग की है। इस अवसर पर अनंत राम, मेहर सिंह, सोमदत्त, टिंकू, सतबीर, वेद प्रकाश, सलींद्र, बलदेव, अमित कुमार, ज्ञान चंद, गौरव, प्रवीण कुमार आदि मौजूद थे।
सिंचाई विभाग के एसडीओ निशान सिंह ने बताया कि कौल गांव के ग्रामीण ड्रेन में गंदा पानी छोड़ते हैं, जिससे ड्रेन के अंदर सफाई कराना असंभव है। ग्रामीणों को इस बारे में नोटिस दिए हुए हैं।