सेवानिवृत्त रोडवेज चालक हर माह पेंशन की आधी रकम करते हैं दान
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग से चालक के पद से सेवानिवृत्त दर्शन दयाल शर्मा ने मंगलवार को शिवपुरी श्मशान वेलफेयर सोसाइटी को एक लाख एक हजार एक सौ ग्यारह रुपये का चेक भेंट किया। बता दें कि शर्मा भरा पूरा परिवार होने के बावजूद भी कैथल वृद्ध आश्रम में अपनी जिंदगी का अंतिम पड़ाव पार कर रहे हैं। पेंशन के अलावा सेवानिवृत्ति के बाद जो भी राशि उन्हें मिली उसे केवल दान कार्य में ही लगा रहे हैं। इससे पूर्व वे कलायत की गोशाला में 1 लाख 11 हजार 111 रुपये का दान दे चुके हैं। वृद्धाश्रम व बाल उपवन में वे हर माह मिलने वाली पेंशन का आधा हिस्सा दान के रूप में जमा करवा देते हैं। शर्मा ने बताया कि वे अपना शरीर भी दान कर चुके हैं। शिवपुरी सोसायटी के पदाधिकारियों ने शर्मा का स्वर्ग धाम में दान के लिए आभार जताया। इस अवसर पर मैनपाल राणा, सुशील वर्मा, आरएस भट्ट, राजेंद्र गर्ग, भूपेंद्र कांसल, रविंद्र गर्ग, विजेंद्र पटवारी, ललित शर्मा व दीपक धीमान मौजूद रहे।