स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। स्वच्छता समरसता संदेश यात्रा की टीम तथा करनाल स्थित त्यागी आर्ट ग्रुप की टीम ने जवाहर पार्क में मंगलवार सुबह एक कदम स्वच्छता की ओर नामक नाटक प्रस्तुत किया। स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, डीसी संजय जून तथा एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहे। नाटक में पानी के महत्व, पानी के दुरुपयोग को रोकने, सफाई, पौधा-रोपण, खुले में शौच मुक्त तथा गंदगी से होने वाली बीमारियों से लोगों को जागरूक किया।
सुभाष चंद्र के नेतृत्व में स्वच्छता समरसता संदेश यात्रा की टीम ने पंचायत भवन से जवाहर पार्क तक स्वच्छता रैली निकाली, जिसमें टीम के 65 स्वच्छता प्रेमियों सहित नगराधीश विजेंद्र हुड्डा, तहसीलदार राकेश कुमार तथा नगर परिषद के अधिकारियों ने भाग लिया। इस रैली के जवाहर पार्क में पहुंचने पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयोजित स्वच्छता प्रश्नोत्तरी के विजेताओं राकेश कुमार, मनदीप, सीमा देवी व गजे सिंह को हरा व नीली दो-दो डस्टबीन देकर सम्मानित किया गया।