सीवन। शहर के वार्ड नंबर-12 में रविवार को नगर पालिका अध्यक्ष हेमलता सैनी नया ट्यूबवेल लगाने का शुभारंभ किया। इसके लगने से वार्ड के 15 हजार लोगों को फायदा होगा। क्षेत्र के लोगों ने ट्यूबवेल शुरू होने पर खुशी जताई।
इस अवसर पर गोशाला समिति के प्रधान नरेंद्र सैनी व उप-प्रधान पवन शर्मा, पाली सैनी व राम रतन सैनी ने कहा कि गौशाला सेवा समिति समाज की हर जरूरत में आगे रहती है। उन्होंने बताया कि समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जहां कस्बे के लोग पानी की समस्या से परेशान हैं, वहां गौशाला की थोड़ी सी जमीन जन कल्याण के लिए समर्पित करना हमारी जिम्मेदारी है। नगर पालिका अध्यक्ष हेमलता सैनी व पार्षद मनीष कुमार मोंटी ने संयुक्त बयान में कहा कि ट्यूबवेल लगने से वार्ड-12 ही नहीं बल्कि आसपास के मोहल्लों में भी पानी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। नगर पालिका की अध्यक्षा व उपस्थित पार्षदों ने गोशाला सेवा समिति का आभार जताया। उन्होंने कहा जब समाज और संस्थाएं साथ आती हैं, तब विकास कार्यों में तेजी आती है और हर नागरिक को इसका लाभ मिलता है।