कैथल। प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है। इसी कड़ी में खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए सरकार की ओर से खेल नर्सरी योजना शुरू की गई है। इसी कड़ी में खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से सरकारी, निजी शिक्षण संस्थानों, पंचायत एवं निजी खेल संस्थानों से खेल नर्सरी स्थापित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 मार्च है। ये जानकारी जिला खेल अधिकारी सुमन मलिक ने दी। डीएसओ ने बताया कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य राज्य में प्रारंभिक रूप से खेलों को बढ़ावा देना और खेल प्रतिभाओ को उभारना है। खेल नर्सरी योजना के तहत खेल नर्सरी ओलंपिक, एशियन व कॉमनवेल्थ खेलों में सम्मलित खेलों के लिए ही खोली जा सकेंगी, जिसके लिए इच्छुक संस्थान खेल विभाग हरियाणा के पोर्टल हरियाणा स्पोर्ट्स डॉट जीओवी डॉट इन पर 15 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।