परीक्षा में भाग लेते स्कूली बच्चे।
कैथल। जिले में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूल स्तरीय सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। पहले राउंड से चयनित करीब 1450 विद्यार्थियों ने 20 नवंबर को आयोजित दूसरे राउंड में हिस्सा लिया। यह परीक्षा ब्लॉक स्तर पर हुई। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को रेंज स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद राज्य स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी स्तरों पर शीर्ष तीन स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। परीक्षा के दौरान एसएचओ ट्रैफिक इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। एसपी उपासना ने कहा कि बचपन में सीखी गई बातें जीवनभर याद रहती हैं। यदि बच्चों को प्रारंभिक आयु में सही शिक्षा दी जाए तो वे भविष्य में जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के भय से नहीं, बल्कि स्वयं की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें नियमों की समझ देने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद