चार साल पहले रखा गया था सब्जी मंडी में जेनरेटर, आज तक बंद पड़ा है बंद
बिजली जाने की स्थिति में दुकानदारों व कर्मचारियों की सुविधा के लिए रखा गया था जनरेटर
फोटो नंबर-18 व 19
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सब्जी मंडी में आढ़तियों व दुकानदारों को बिजली की समस्या से निजात दिलवाने के लिए पिछली सरकार के कार्यकाल में नया जेनरेटर रखवाया गया था। लेकिन करीब साढ़े चार वर्ष बीत जाने के बाद भी यह जेनरेटर मार्केट कमेटी द्वारा चालू नहीं किया गया है। चार साल से यह सब्जी मंडी में धूल फांक रहा है। जिससे यहां के दुकानदारों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। वहीं दुकानदारों का कहना है पिछली सरकार द्वारा इस जेनरेटर को सब्जी मंडी में दिया गया था। लेकिन उसके चंद दिनों बाद चुनाव होते ही सरकार बदल गई। जिसके बाद इस जेनरेटर का दुकानों से कनेक्टिविटी नहीं की गई।
जेनरेटर शुरू न होने से मंडी में आढ़तियों को व दुकानदारों को परेशानी :
दुकानदार विक्की ने बताया कि जेनरेटर का कार्य पूरा नहीं करवाया गया। जिससे मंडी के दुकानदारों को लाइट न होने पर काफी कठिनाई होती है और उन्हें अंधेरे में रहना पड़ता है।
दुकानदार हरीश कुमार ने बताया कि जेनरेटर रखने के अलावा और कोई काम नहीं किया गया है। शायद विभाग इसे भूल चुका है। जेनरेटर से सभी दुकानों की कनेक्टिविटी की जानी थी। ताकि बिजली जाने पर दुकानदारों व उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
बजट पास न होने से लटका कार्य : सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान मुकुंद लाल कालड़ा ने बताया कि जेनरेटर से दुकानों में की जाने वाली कनेक्टिविटी का सरकार द्वारा बजट पास न किए जाने के कारण यह काम अधर में लटका है। इसके लिए विधायक रणदीप सुरजेवाला से मिले हैं। लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है।
जानकारी अब मिली, पता लगाया जाएगा : मार्केट कमेटी सचिव दलेल सिंह ने बताया कि सब्जी मंडी में रखे गए जेनरेटर की उन्हें जानकारी नहीं है। यह जानकारी आपके माध्यम से मिली है। इस मामले की पूरी जानकारी प्राप्त की जाएगी। यदि यह जेनरेटर मार्केट कमेटी का होगा तो इसे चलाने का प्रयास किया जाएगा। जिससे दुकानदारों की समस्या का समाधान हो सके।