म्हारा हरा-भरा हरियाणा, दूध दही का खाणा... गीत से कराया हरियाणवी संस्कृति का आभास
जबरदस्ती सुनाई रागिनी, प्रस्तुति देने का मौका न मिलने पर भावुक हुई बच्ची
फोटो नंबर-04 से 11
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला प्रशासन, पुलिस व अन्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से रविवार को सेक्टर 20 में अपनी राहें-अपनी आजादी राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल कलाकारों, हास्य कलाकारों, पुलिस कलाकारों व सूचना जन संपर्क एवं भाषा विभाग के स्थानीय कलाकारों ने ऐसा समा बांधा कि सभी दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे डीसी धर्मबीर सिंह व एसपी वसीम अकरम ने दीप प्रज्जवलित करके शुभारंभ किया। मुख्यातिथि इस कार्यक्रम में कैथल बाइसाइकिल क्लब के साथ साइकिल पर सवार होकर पहुंचे और पूरे कार्यक्रम के दौरान समारोह स्थल पर मौजूद रहकर सभी प्रस्तुतियों का लुत्फ उठाया। डीसी व एसपी के के साथ मिलकर पुश-अप में भाग लिया। इस दौरान कुछ कलाकारों की हठधर्मिता के कारण कार्यक्रम तय सीमा से बढ़कर एक घंटा अधिक चला।
एक कलाकार द्वारा एसपी द्वारा समय का हवाला देने के बावजूद भी उसकी रागिनी एक घंटे तक लगातार चलती रही। जिस कारण एक छोटी बच्ची प्रस्तुति से वंचित रह गई। इसके बाद भी कुछ प्रस्तुतियां मंच पर नहीं उकेरी जा सकी। कार्यक्रम में नाटक निरीक्षक रामफल शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय कलाकारों ने प्रभु भक्ति के गीतों से किया। बलवान सिंह, गोविंद शर्मा व बलबीर शर्मा ने रागनियों से दर्शकों ने भरपूर आनंद उठाया। इसके बाद मोहम्मद आरिफ ने छाप तिलक सब छीनी रे, मौसे नैना मिलाइके की कव्वाली प्रस्तुत की। लव डांस अकादमी के वत्सल ने तेरी आंख्या का यो काजल और छोरा मैं हरियाणे का पर भव्य हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत किया। रुद्र ने भी शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। डॉ महावीर पठानियां ने म्हारा हरा-भरा हरियाणा, दूध दही का खाणा नामक गीत के माध्यम से हरियाणा के ग्रामीण आंचल के खान-पान व पहनावा दर्शाया। कुरुक्षेत्र पुलिस के हास्य कलाकार नरेश सांगवान ने हरियाणवी हास परिहास से उपस्थित लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया। हास्य कलाकार राजीव शर्मा ने भी हास परिहास तथा मिमिक्री से दर्शकों को खूब हंसाया। रिद्धिमा ने पंजाबी नृत्य प्रस्तुत किया। शिवम व साथी कलाकार ने पति-पत्नी की अनूठी तकरार को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसके बोल थे-पिया तेरी एक न मानूंगी, फिल्म चंद्रावल देखूंगी।
इस अवसर पर कलायत के एसडीएम जगदीप सिंह, डीएसपी रामकुमार, कृष्ण कुमार, जोगेंद्र श्योराण, निरीक्षक अशोक कुमार, हुंडई के एमडी कृष्ण मिगलानी, सैनसंज के निदेशक हरि कृष्ण सैनी, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य गोपाल सैनी, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार व एमई राजकुमार शर्मा, अमर राविश, सुबे सिंह राविश, कोच राजेश, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान आरसी गोयल सहित अन्य मौजूद रहे।
बीच में ही नृत्य रुकवाने पर भावुक हुई बच्ची : कार्यक्रम में रागिनी कलाकार द्वारा एक घंटे से ज्यादा समय लिए जाने के कारण छोटी बच्ची को प्रस्तुति का समय नहीं मिला। कशिश नामक बच्ची के डांस को बीच में रोक दिया गया। जिस कारण वह बाद में रोने लगी। इसके बाद उसके कोरियोग्राफर ने समझाया जिसके बाद वह चुप हुई।