ठिठुरती ठंड में 24 घंटे धरना दे रहे किसानों ने कहा-जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती
तब तक जारी रहेगा धरना, शुगर मिल के बाहर टेंट लगाकर सर्दी के मौसम में धरना दे रहे हैं किसान
कहा-रात को तीन बजे के बाद टेंट से टपकने लगता है पानी
फोटो नंबर 45
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। भारतीय किसान संघ द्वारा शुगर मिल चिप गड़बड़ी मामले में 24 घंटे धरना आठवें दिन भी जारी रहा। ठिठुरती ठंड व घने कोहरे के बीच किसानों का आंदोलन जारी है। किसानों का ऐलान है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। ठिठुरती ठंड के बीच जब घर के अंदर भी रजाई में ठंड लग रही है, ऐसे मौसम में किसान शुगर मिल के बाहर टेंट में धरना दे रहे हैं। जहां रात को तीन बजे के बाद टेंट से ओस का पानी टपकने लगता है।
वीरवार को आठवें दिन धरना शुगर मिल के गेट के बाहर जारी रहा। जिसकी अध्यक्षता प्रांत युवा प्रमुख गुलतान सिंह नैन की। उन्होंने बताया कि किसानों का धरना चल रहा है, परंतु अभी तक कोई भी कर्मचारी व अधिकारी किसानों की सुध नही लेने पहुंचा। उन्होंने बताया कि प्रशासन के सभी लोग धरना स्थगित करने का दबाव बना रहे हैं और समस्या समाधान की तरफ कोई ध्यान नहीं जा रहा। केवल यह कहकर अपना अपना पल्ला झाड़ रहे हैं कि जांच चल रही है और लंबी चलेगी। उन्होंने बताया कि कांटे में चिप लगाई गई के जिम्मेदार कर्मचारी और अधिकारी को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया गया। उन्होंने बताया कि जब तक आरोपियों पर कानूनी कारवाई नहीं की जाती तब धरना जारी रहेगा। इस मौके पर रणदीप सिंह आर्य, रविंद्र नैन, वेदप्रकाश नैन, संजीव नैन, सतीश कुमार ग्योंग, कृष्ण कांगथली, रामफल फतेहपुर, महेंद्र फतेहपुर, जगदीश खुराना, महावीर धौंस, निशान सिहं धौंस, भुल्लन क्योड़क, पाला राम, विक्रम, बलबीर ग्योंग, दयाल खुराना, प्रेम रायवाली खेड़ी, रणबीर शिमला मौजूद रहे।