सड़क के बीचों बीच खड़े वाहनों के काटे चालान
अतिक्रमण को लेकर एसपी ने की चेकिंग, लघु सचिवालय के सामने की ऑटों वालों के काटे चालान
फोटो नंबर-01 व 02
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एसपी वसीम अकरम ने बुधवार सुबह लघु सचिवालय में अपने कार्यालय में जाते समय करनाल रोड पर अतिक्रमण को लेकर चेकिंग अभियान चलाया। सुबह के समय एसपी ने सिटी मॉल से लेकर लघु सचिवालय के मुख्य गेट तक सड़क के बीचों बीच खड़े हुए मोटरसाइकिलों को ट्रैफिक पुलिस एसएचओ रमेश चंद को बुलाकर इंपाउंड करवाया। इसके बाद करीब 15 मिनट तक एसपी ने यहां से गुजर रहे सभी ऑटो को रुकवाया और उनके कागजात चेक किए। जिन ऑटो चालकों के पास पूरे कागजात नहीं मिले उनके चालान किए। इस दौरान एसपी ने यहां पर मौजूद दुकानदारों को अपनी दुकानों के आगे वाहन खड़ा न करने की लोगों से अपील करने को कहा। एसपी ने दुकानदारों से कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति मना करने के बावजूद दुकान के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी करे तो तुरंत ट्रैफिक पुलिस को सूचित करें। एसएचओ रमेश चंद ने बताया कि एसपी के आदेशों के बाद शुरू किए गए वाहनों के चेकिंग अभियान के बाद 50 से अधिक दो पहिया वाहन और20 से अधिक ऑटो के चालान किए गए।