प्रदर्शन कर फूंका सीएम का पुतला
बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन का धरना जारी
फोटो संख्या-3
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर लंबित मांगों को लेकर जिले के सभी बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने चौथे दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखी। धरने के समापन पर महिलाओं ने मुख्यमंत्री के पुतले की अर्थी को लेकर प्रदर्शन किया और पिहोवा चौक पर पुतला फूंका। अध्यक्षता जिला प्रधान जोगिंदर सिंह और मंच संचालन जिला प्रेस प्रवक्ता श्रवण करोड़ा ने किया।
राज्य उप महासचिव सुरेश उचाना, आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स की महासचिव शकुंतला, सीटू के नेता का. सत्यवान व अशोक शर्मा ने चेतावनी दी कि सरकार उन्हें एस्मा जैसे काले कानून से डराने की कोशिश न करे। स्वास्थ्य कर्मचारी ऐसी नाकाम धमकियों से डरने वाले नहीं है। सरकार जिद्द छोड़कर मानी गईं मांगों का नोटिफिकेशन जारी करे। करोड़ा ने कहा कि जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाती आंदोलन जारी रहेगा। आरसीएच की कर्मचारी सुषमा राणा, बसंती देवी सीवन, कांता, कुसुम पूंडरी, कमलेश देवी, सुमित्रा देवी राजौंद, जगजीत कौर, सुनीता गुहला, इंदिरा देवी,सरला कौल ने कहा कि कुछ जिलों में आरसीएच की बहनों को हड़ताल में शामिल होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सस्पेंशन व एस्मा कानून के जरिए हड़ताल पर पाबंदी का डर दिखाया जा रहा है। जिसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। इस मौके पर जरनैल सिंह, बसाऊ राम, ओमपाल भाल, विमल कुमार आदि ने हड़ताल का समर्थन किया।