ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री के कार्यक्रमों का होगा विरोध
जाट आरक्षण संघर्ष समिति की बैठक में लिया गया फैसला
आरक्षण को लेकर नहीं हो धरना-प्रदर्शन की बजाए दोनों नेताओं के विरोध का फैसला
फोटो नंबर-31
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अंबाला रोड स्थित आरकेएम फार्म में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक में फैसला लिया गया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों का विरोध किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता जगदेव बदसूई ने की।
उन्होंने बताया कि सरकार के साथ आरक्षण को लेकर समिति के चार बार समझौते हो चुके हैं। लेकिन सरकार जाटों को आरक्षण देने के लिए गंभीर नजर नहीं आ रही। प्रदेश उपाध्यक्ष बलवान कोटड़ा व जिला प्रधान प्रवीण किच्छाना ने बताया कि समिति के राष्ट्रीय नेता यशपाल मलिक द्वारा आरक्षण की मांग को लेकर गत दिनों आंदोलन भी चुका है। लेकिन अबकी बार आंदोलन का स्वरूप बदल दिया है। किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री के राजनीतिक प्रोग्रामों का ग्रामीण क्षेत्र में बहिष्कार व विरोध किया जाएगा। समिति सदस्यों ने सरकार का विरोध करते हुए कहा कि जब तक सरकार समाज की मांगे पूरी नहीं करेगी, तब तक समिति द्वारा इसका पूरा विरोध किया जाएगा। कैथल जिले में भी जहां भी ग्रामीण क्षेत्रों में इन नेताओं का कार्यक्रम होगा, उसका विरोध होगा। इस अवसर पर शमशेर नीमवाला, सतबीर मलिक, रत्न किच्छाना, अमरनाथ नरड़ व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।