कैथल। हरियाणा सरकार द्वारा गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) परिवारों को दी जाने वाली मुफ्त उपचार योजना की तर्ज पर श्रमिकों को भी मुफ्त उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उनकी किसी भी बीमारी पर उपचार पर होने वाले खर्च को सरकार वहन करेगी। यह जानकारी देते हुए हरियाणा के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री नायब सैनी ने महाराजा अग्रसेन हनुमान भवन परिसर में श्रम विभाग एवं हरियाणा भवन सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित अंत्योदय मेला में 1200 महिलाओं को सिलाई मशीन एवं श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत 4 हजार 948 लाभार्थियों को 3 करोड़ 4 लाख 23 हजार रुपये की धनराशि जारी करते हुए दी।
इस राशि में मातृत्व लाभ योजना के तहत 50 लाभार्थियों को 18 लाख, मृत्यु सहायता में 53 लाभार्थियों को 53 लाख रुपये, आर्थिक सहायता हेतु 53 लाभार्थियों को 7 लाख 95 हजार रुपये, टुल सहायता में 217 लाभार्थियों को 15 लाख 85 हजार रुपये, मुख्यमंत्री सम्मान योजना के तहत 1060 को 54 लाख 6 हजार रुपये, सिलाई मशीन सहायता योजना में 1358 लाभार्थियों को 47 लाख 53 हजार रुपये, छात्रवृत्ति योजना के तहत 250 लाभार्थियों को 11 लाख 63 हजार रुपये, 1807 लाभार्थियों को साइकिल योजना के तहत 54 लाख 21 हजार रुपये, कन्यादान सहायता योजना के तहत 70 लाभार्थियों को 35 लाख 70 हजार रुपये तथा पितृत्व लाभ योजना के तहत 30 लाभार्थियों को 6 लाख 30 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की।
इससे पूर्व राज्य मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित करके समारोह का शुभारंभ किया। सैनी ने महिलाओं को नवरात्र की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के उत्थान के लिए वचनबद्ध है। पिछली सरकारों ने 10 वर्षों में श्रमिकों की सहायता राशि मात्र 27 करोड़ रुपये खर्च की, जबकि वर्तमान सरकार द्वारा पिछले 3 वर्ष में 321 करोड़ रुपये की राशि श्रमिकों के खातों में डाली जा चुकी है।
विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब मजदूरों के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं तथा सरकार की नीति व नीयत गरीब मजदूर के उत्थान के लिए है। श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रमेश बल्हारा ने कहा कि मजदूरों का राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है। हर विकास के कार्य में मजदूर का पसीना बहा है। जिला भाजपा अध्यक्ष अशोक ढांड ने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगी हुई है। इस मौके पर बोर्ड के सदस्य जंग बहादुर व सुरेंद्र ठाकुर ने राज्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वन विकास निगम के चेयरमैन अरूण सर्राफ, पूर्व भाजपा अध्यक्ष सुभाष हजवाना, मनीष कठवाड़, रामपाल राणा, पाला राम सैनी, नेत्रपाल शर्मा, धीरेंद्र क्योडक़, शैली मुंझाल, बाबू राम सैनी, सूरजभान, विक्रम चौहान, पवन ठाकुर, हरदीप सिंह, नरेश इंदौरा के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हरियाणा में श्रमिकों को दी जाएगी निशुल्क उपचार की सुविधा : नायब सैनी
राज्यमंत्री ने हनुमान वाटिका में दी जानकारी, महिलाओं को बांटी सिलाई मशीनें
फोटो संख्या-6