कैथल। रोमानिया व क्रोएशिया भेजने के नाम पर दंपती ने चचेरे भाई व बहन से 14 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर ढांड निवासी आरोपी महाबीर कश्यप व पत्नी मनीषा के खिलाफ सिविल लाइन थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी मीना रानी ने बताया कि वह विदेश जाना चाहती थी। आरोपी महाबीर कश्यप की पत्नी मनीषा के साथ वह पढ़ाई करती थी। आरोपी मनीषा ने एक दिन कहा कि उसका पति विदेश भेजने का काम करता है। आरोपियों से उसकी क्रोएशिया भेजने की बात हो गई। काम के लिए आरोपियों को छह लाख रुपये दिए। इसके बाद आरोपियों ने 28 फरवरी 2021 को विदेश भेजने के नाम पर उसको दिल्ली बुलाया, लेकिन वहां पर जाने के बाद आरोपियों ने कहा कि अभी चार पांच दिन टिकट बनने के लिए लगेंगे, लेकिन चार पांच दिन बाद भी उसका काम नहीं हुआ।
शिकायतकर्ता ने बताया कि फिर आरोपियों ने कहा कि क्रोएशिया का काम अभी कोविड के कारण बंद है, इसलिए काम नहीं हो पाएगा। जल्द ही वे अपने साथ कनाडा में वर्क वीजा का काम दिलवा देंगे। तब तक उनके साथ घर पर रहों और घर वालों से सारी घटना के बारे में बताने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी स्वयं उसका मोबाइल फोन इस्तेमाल कर परिवारवालों को बताते रहे कि वह विदेश जा चुकी है। परिवार वालों के पास विश्वास के लिए 40,000 हजार रुपये भी भेज दिए। आरोपियों ने उसे घर में बंदी बनाकर रखा और जान से मारने की धमकी दी। उसे कनाडा भी नहीं भेजा। शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि आरोपियों ने उसके चचेरे भाई मंदीप से रोमानिया देश में वर्क वीजा के नाम पर पांच छह लाख 20 हजार रुपये ले लिए।
मंदीप को भी रोमानिया देश में भेजने के लिए अपने कार्यालय में बुलाया, लेकिन वहां पर जाने के बाद उसके चचेरे भाई को कहा कि आपका टिकट रूस के लिए है। नकली कागजात में बिजनेस वीजा देकर रूस भेज दिया। इस कारण रूस ने मंदीप को वापस भेज दिया और उसके बाद भी वर्क वीजा नहीं लगवाया। इसके बाद आरोपियों ने टूरिस्ट वीजा पर मालद्वीप देश भेज दिया। उसके चचेरे भाई को मालद्वीप भेजने के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
अगर परिवार वालों को बताने की कोशिश की तो जान से मार देंगे। पासपोर्ट छीनने की धमकी दी। उसके भाई से कोई कार्य नहीं करवाया गया। उसका भाई अपने खर्च पर घर से पैसे मंगवा कर वापस आया। पूरी जानकारी परिवार वालों को दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने 22 अगस्त 2002 से 25 फरवरी 2021 तक 11 लाख 20 हजार रुपये आरोपियों के खाते में व दो लाख 80 हजार रुपये घर से आकर आर ले गए। सिविल लाइन थाना के एसएचओ हितेंद्र ने बताया कि पुलिस ने ढांड निवासी आरोपी महाबीर कश्यप व पत्नी मनीषा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया। मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है।