वार्ड दो की पार्षद ने जिला परिषद चेयरपर्सन पर फिर लगाए भेदभाव के आरोप, सरपंच प्रतिनिधि को ग्रांट देने पर उठाए सवाल
जागलान - 10 करोड़ की मांगी ग्रांट, मिले मात्र 1.75 हजार, चेयरपर्सन अपना घर भरने में लगी
चेयरपर्सन - जागलान झूठ की राजनीति कर छवि धूमिल करने का कर रहीं प्रयास
जिप चेयरपर्सन प्रतिनिधि द्वारा सरपंच को ग्रांट दिए जाने का मामला
फोटो नंबर-07
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला परिषद से वार्ड नंबर दो की पार्षद अंजू जागलान ने जिला परिषद की चेयरपर्सन बार फिर विकास कार्यों में ग्रांट न देने और देने पर भेदभाव का आरोप लगाया है। मंगलवार को वार्ड नंबर दो की पार्षद अंजू जागलान ने पार्षद भाग सिह खनौदा के साथ एक निजी होटल में प्रेसवार्ता कर जिप चेयरपर्सन पर जमकर कटाक्ष किया।
जागलान ने सोमवार को गांव रोहेड़ा के सरपंच प्रतिनिधि को 40 लाख रुपये की ग्रांट दिए जाने पर आपत्ति जताई है। जागलान ने कहा कि चेयरपर्सन प्रतिनिधि का एक सरपंच प्रतिनिधि को जिप के पार्षद के बिना ग्रांट देना उचित नहीं है, क्योंकि चेयरपर्सन को अन्य किसी गांव के सरपंच को किसी प्रकार से ग्रांट देने का कोई अधिकार नहीं है। जिप की ग्रांट केवल उसके गांव के वार्ड के पार्षद की ओर से दी जाती है। यदि चेयरपर्सन को ग्रांट देनी है तो वार्ड में स्थित सभी नौ गांवों के सरपंचों को एक साथ दें। उन्होंने चेयरपर्सन पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि सुखविंद्र कौर आंधली को जिप चेयरपर्सन बने तीन वर्ष हो चुके हैं। मैंने तीन वर्ष में वार्ड के लिए 10 करोड़ रुपये की ग्रांट की मांग की थी। लेकिन तीन वर्षों में केवल एक लाख 75 हजार रुपये ही मिले है। जिसमें एक गांव की गलियों तक का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सकता। जागलान ने कहा कि जिप से संबधित हर कार्य चेयरपर्सन प्रतिनिधि हरदीप आंधली करता है। जबकि उसे ऐसा करने का कोई भी संवैधानिक अधिकार नहीं है।
वहीं वार्ड नंबर 12 के जिला पार्षद भाग सिंह खनौदा ने कहा कि आज तक उसके वार्ड में भी एक हजार रुपये तक का टेंडर जिप की ओर से पास नहीं किया गया है। क्या मेरा वार्ड इस सरकार के हक में नहीं है। कई बार ग्रांट को लेकर हाउस की बैठक में मांग उठाई गई है। लेकिन इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई है।
चेयरपर्सन के गांव के ग्रामीण ने ही लगाया है गांव में विकास न होने का आरोप : अंजू जागलान ने प्रेसवार्ता के दौरान फोन की रिकॉर्डिंग सुनाते हुए कहा कि चेयरपर्सन के गांव के ही एक ग्रामीण जो भाजपा का युवा नेता हैं। उसने ही मुझे फोन करके चेयरपर्सन द्वारा गांव में कोई भी विकास कार्य नहीं करवाए जाने की जानकारी दी है। इसके साथ ही उसने चेयरपर्सन द्वारा गांव का विकास करवाने की बजाय खुद की कोठी पर रुपये लगाने का भी आरोप लगाया है।
पार्षद के सभी आरोप बेबुनियाद : जिला परिषद के चेयरपर्सन प्रतिनिधि सुखविंद्र कौर आंधली ने कहा कि वार्ड नंबर दो की पार्षद अंजू जागलान केवल झूठ की राजनीति कर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रही हैं। गांव रोहेड़ा के सरंपच की मांग पर उसके सरपंच प्रतिनिधि को 40 लाख रुपये की ग्रांट दी गई है। अंजू जागलान हाउस की बैठक के दिन तो यह कह रही थी कि उन्हें एक रुपये की ग्रांट तक नहीं मिली है और आज एक लाख 75 हजार रुपये की ग्रांट होने की बात कर रही हैं। जो उसके पास यह ग्रांट है उसके बारे में यह बताएं आखिर इन रुपयों से कहां पर विकास कार्य करवाए गए हैं। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास की नीति के तहत कार्य कर रही है।