तितरम में आग से 60 एकड़ से अधिक फसल जलकर राख
एक मोटरसाइकिल व कई कूप भी जले, 4 घंटों की मशक्कत के बाद 4 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव तितरम में शनिवार दोपहर को खड़ी फसल में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। इसमें लगभग 60 एकड़ से अधिक में खड़ी गेहूं की फसल, एक मोटरसाइकिल व कई तूड़े के कूप जलकर राख हो गए। 4 घंटों की मशक्कत के बाद 4 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर मुश्किल से काबू पाया गया। इससे किसानों की छह माह की लाखों रुपये की कमाई भी जल गई। किसानों में रोष है। आज मामले की शिकायत पुलिस को दी जाएगी।
किसान अमरजीत ने बताया कि करीब डेढ़ दो बजे किसान मल्ला के खेत में लगी। उनकी आधे एकड़ जमीन में खड़ी फसल में से यह रामफल पुत्र बलबीर के 3 एकड़ में फैल गई। इसके बाद प्रदीप कुमार के 3 एकड़, गुरदयाल का आधा एकड़, चेला राम की 2 एकड़ सहित हवा सिंह, जगदीश सिंह, रामकुमार पुत्र भले राम के 3 एकड़ व एक मोटरसाइकिल, ओमप्रकाश पुत्र तेलू राम का एक तूड़े का कूप व 4 एकड़ फसल, रामनिवास पुत्र गुरदयाल के 2 कूप व फसल, भगवान दास पुत्र गुरदयाल का कूप व फसल सहित एक एकड़ की केबल, जयभवगान पुत्र ईश्वर, रामफल, हुक्म सिंह, कृष्ण कुमार, सतबीर सिंह पुत्र भले राम, रंगी राम पुत्र भले राम, शमशेर सिंह पुत्र नफे सिंह सहित करीब 25 से अधिक किसानों की 60 एकड़ के लगभग फसल जलकर राख हो गई। किसान अमरजीत ने बताया कि दमकल विभाग की सहायता से आग पर काबू पाया गया। सरपंच महावीर ने बताया कि गांव के लोग इस बारे में इकट्ठा हुए थे। रविवार को पुलिस में शिकायत दी जाएगी। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
वहीं दमकल कर्मचारी ने बताया कि गांव तितरम में दर्जनों एकड़ जमीन में खड़ी गेहूं की फसल जली है। एक बजकर 45 मिनट पर यह आग लगी। 4 गाड़ियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।