अब अप्रैल में ही होंगे कैथल बार एसोसिएशन के चुनाव
बार काउंसिल पंजाब एंड चंडीगढ़ के स त रुख के बाद हुई बार एसोसिएशन की बैक में लिया गया फैसला
काउंसिल ने कर दिया था चुनाव अधिकारियों का लाईसेंस सस्पेंड
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बार एसोसिएशन कैथल का चुनाव अब 6 अप्रैल को हरियाणा एवं पंजाब बार एसोसिएशनों के साथ ही होगा। 22 दिसंबर के जिला बार एसोसिएशन के चुनाव करवाए जाने के फैसले पर पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के कड़े रुख के बाद शनिवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। पहले बार एसोसिएशन दिसंबर में ही चुनाव करवाने पर अड़ी थी। लेकिन बार काउंसिल ने चुनाव अधिकारियों सीएल उप्पल व दीपक सेठ के लाईसेंस सस्पेंड कर दिए थे। साथ ही सचिव को नामांकन पत्र भरने वाले वकीलों के नाम भी भेजने को कहा था।
शनिवार सुबह वकील न्यायिक परिसर में पहुंचे तो यह मामला पूरी तरह से चर्चा का विषय बना रहा। बाद में फैसला लिया गया कि बार एसोसिएशन की बैठक बुलाकर इस मुद्दे पर चर्चा की जाए। करीब एक बजे जिला बार एसोसिएशन की बैठक शुरू हुई। जिसमें वकीलों ने विचार-विमर्श शुरू किया। बैठक में लंबी चर्चा के बाद फैसला हुआ कि 6 अप्रैल को ही बार काउंसिल के फैसले अनुसार चुनाव करवाए जाएंगे। इसके लिए मौजूदा जिला बार एसोसिएशन कार्यकारिणी के कार्यकाल को आगामी अप्रैल माह तक बढ़ा दिया गया। इसके साथ ही चुनाव अधिकारी सीएल उप्पल व दीपक सेठ के लाईसेंस के निलंबन का मामला भी बैठक में उठा। वकीलों ने फैसला लिया कि बार काउंसिल की सहमति से चुनाव करवाए जाने की सूचना काउंसिल को दी जाएगी। इसके साथ ही आग्रह किया जाएगा कि दोनों चुनाव अधिकारियों के सस्पेंड किए गए लाईसेंस के फैसले को वापिस लिया जाए।जिला बार एसोसिएशन के प्रधान बलराज नौच ने बैठक में हुए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सभी वकीलों ने सहमति से निर्णय कर लिया है कि मौजूदा कार्यकारिणी ही आगामी चुनाव तक काम करती रहेगी। साथ ही 6 अप्रैल को जब सभी बार एसोसिएशन के चुनाव होंगे, उसी अनुसार एक साथ चुनाव करवाए जाएंगे। लाईसेंस सस्पेंड किए जाने के मामले में काउंसिल से आग्रह किया जाएगा कि इस फैसले पर पुनविर्चार करें।