रिक्त पड़े पदों पर अप्रेंटिस पर रखे जा सकेंगे प्रशिक्षित युवा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिले के सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों पर अप्रेंटिस पर युवाओं को रखा जा सकेगा। इसके लिए सरकार ने स्वीकृति दे दी है। डीसी सुनीता वर्मा ने जिला शिक्षुता समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अप्रेंटिस अधिनियम 1961 के तहत सरकार के निर्देशानुसार अपने विभागों में रिक्त पदों पर प्रशिक्षित युवाओं की सेवाएं लें। अधिनियम के अनुसार 6 कर्मचारी से ज्यादा संख्या वाले विभागों में अप्रेंटिस पर युवाओं को रखा जा सकता है तथा 40 अधिकारी व कर्मचारी से अधिक संख्या वाले विभागों के में अप्रेंटिस पर रखना अनिवार्य है। सुनीता वर्मा ने कहा कि स्किल इंडिया के तहत मिनिस्ट्री ऑफ स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रन्योरशिप के तहत विभाग में मौजूदा समय में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों के संख्या के 10 प्रतिशत तक अप्रेंटिस पर प्रशिक्षित युवा रखे जा सकते हैं। इस अधिनियम के तहत सभी सरकारी विभागों, बोर्ड, निगमों आदि में अप्रेंटिस पर युवाओं को रखा जाना अनिवार्य है। सभी अधिकारी पोर्टल पर पंजीकरण करके संबंधित ट्रेड के युवाओं को रख सकते हैं। इसके लिए पोर्टल पर पंजीकरण के बाद मांग रखी जानी है। इस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने वाले युवाओं में से ही काम पर रखा जाएगा।
एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि सरकार की नवीनतम गाइडलाइन अनुसार सभी सरकारी विभागों को कार्यरत कर्मचारियों के 10 प्रतिशत में अप्रेंटिस नियुक्त करने अनिवार्य हैं। इसके लिए बजट की समस्या भी आड़े नहीं आएगी क्योंकि दिसंबर से फरवरी माह तक का अप्रेंटिस के लिए बजट कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के पास है। विभाग नियुक्ति करते हुए इसके लिए बजट की मांग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। इस मौके पर एसडीएम कमलप्रीत कौर, सुरेंद्र पाल, नगराधीश सुशील कुमार, पुलिस उपाधीक्षक जोगिंद्र श्योराण, परिवहन महाप्रबंधक रामकुमार, जिला खजाना अधिकारी सुनीता गोस्वामी, जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी डा. जगफूल सिंह, आईटीआई का स्टाफ सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।