शादी में दूल्हा-दुल्हन ने 15 लड़कियां को मेडल देकर सम्मानित किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। रविवार को गांव सांघन में एक अनोखी शादी हुई। जिसमें दूल्हा-दुल्हन ने नई परम्परा को कायम करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में बढ़िया प्रदर्शन करने वाली 15 लड़कियां को मेडल और अंग्रेजी शब्दकोश देकर सम्मानित किया। इस शादी में तथागत बुद्ध, गुरु रविदास, ज्योतिबा फूले, डा. अंबेडकर, रमा बाई अंबेडकर, सावित्री बाई फूले व संतों महापुरुषों के चित्रों के सामने बेहतर जीवन, सामाजिक भाईचारा, शिक्षा का प्रसार, करुणा, शील, प्रज्ञा, समता, बंधुता के बारे में प्रण लिया गया। पाणिग्रहण (मंगल विवाह) संस्कार भारतीय बौद्ध भिक्षु महासंघ के हरियाणा अध्यक्ष भन्ते कांशी रतन ने करवाया। इस क्षेत्र में यह पहली शादी है जिसमें महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिया लड़कियों को सम्मानित किया गया। दूल्हा रविंद्र ढांडा हरियाणा शिक्षा विभाग में शिक्षक है वहीं दुल्हन दर्शाना भी शिक्षा विभाग में शिक्षिका है। इस अवसर पर राम सिंह फौजी, जिले सिंह फौजी, रामफल, जयभगवान, जिले सिंह, रामकुमार, डॉ विजय विद्यार्थी, डॉ सुभाष सिंहमार, डॉ अनिल रंगा, डॉ राजेश, गुरनाम, चमेल सिंह, गुरमीत, साहब सिंह सहित अन्य शामिल रहे।