कैथल। ट्रक की चपेट में आने से गाड़ी में सवार 13 महिलाएं घायल हो गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उधर, जींद रोड पर तितरम मोड़ के नजदीक किलोमीटर स्कीम की बस ने पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। हादस में चालक घायल हो गया।
उत्तर प्रदेश की चांदपुर निवासी सुनीता ने बताया कि वह अपने साथ अन्य महिलाओं के साथ पुराने कपड़े खरीद कर बाल्टी व टब बेचने का काम करती है। करीब दो महीने पहले वह व उसके साथ अन्य महिलाएं फेरी लगाने के लिए जाखल जिला फतेहाबाद हरियाणा में गए थे। दो मार्च को वह अपना काम खत्म करके होली मनाने के लिए गाड़ी को किराये पर लेकर घर जा रहे थे। जब वे गांव टयोठा के नजदीक सड़क पर पहुंचे तो अज्ञात ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसमें वह व उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी फुलवंती, सपनी, मनीषा, गुड्डो, शबनम, सम्रिका, संजना, जिआ, अंजली, मैमवती, आरोही व सोनम को काफी चोटें लगी। वहां से राहगीरों ने एंबुलेंस का प्रबंध कर इलाज के लिए पूंडरी व कैथल अस्पताल में पहुंचा दिया। इलाज के बाद वे घर चली गई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
उधर, जींद रोड पर तितरम मोड़ के नजदीक किलोमीटर स्कीम की बस ने पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप गाड़ी का चालक घायल हो गया। पीजीआई रोहतक में उसका इलाज चल रहा है। तितरम थाना को दी शिकायत में हिसार के उकलाना निवासी राहुल ने बताया कि उसका बड़ा भाई रिंकू पिकअप गाड़ी पर लोडिंग का काम करता है। वह खुद ही गाड़ी को चलाता है। एक मार्च को उसका भाई उकलाना से गाड़ी में फल लोड कर उसे कैथल साथ ले गया। कैथल में फल उतार दिए। इसके बाद वापस वह व उसका भाई अमित गाड़ी में कैथल से तितरम मोड़ की तरफ चल दिए।
जब वे तितरम मोड़ के पास करीब सुबह सात बजे पहुंचे तो जींद की तरफ से आ रही किलोमीटर स्कीम की बस ने उनकी पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। इस टक्कर में उसके भाई को काफी चोटें लगी। वहां पर एंबुलेंस का प्रबंध कर उसके भाई का सिविल अस्पताल कैथल पहुंचाया। नाजुक स्थिति को देखते हुए उसके भाई को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहां पर उसका इलाज चल रहा है। जांच अधिकारी पवन ने बताया कि पुलिस ने ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।