कैथल। दस अप्रैल को होने वाले चुनाव में जिले के 13 हजार 378 मतदाता पहली बार मताधिकार का उपयोग करेंगे। ये मतदाता हाल ही में 18 वर्ष उम्र पूरी होने पर मतदाता सूची में दर्ज किए गए हैं। डीसी एनके सोलंकी ने बताया कि कुरुक्षेत्र लोकसभा के अंतर्गत जिला में गुहला, कलायत, कैथल व पूंडरी विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या छह लाख 84 हजार 732 हो गई है, जिसमें पुरुषों की संख्या तीन लाख 72 हजार 620 तथा महिला मतदाताओं की संख्या तीन लाख 13 हजार 112 है। गुहला विधानसभा में कुल एक लाख 61 हजार 89 मतदाता हैं, जिसमें 85 हजार 824 पुरुष और 75 हजार 265 महिला मतदाता शामिल हैं। कलायत विधानसभा क्षेत्र में कुल एक लाख 82 हजार 241 मतदाता हैं, जिसमें एक लाख एक हजार 39 पुरुष तथा 81 हजार 202 महिला मतदाता शामिल हैं। कैथल विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 78 हजार 371 मतदाता हैं, जिसमें 96 हजार 172 पुरुष तथा 82 हजार 199 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 64 हजार 31 मतदाता हैं, जिनमें 89 हजार 585 पुरुष तथा 74 हजार 446 महिला मतदाता शामिल हुए हैं।