कैथल। जिला पुलिस ने अगस्त माह में शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी और अवैध हथियार रखने समेत विभिन्न अपराधों की 100 प्राथमिकी दर्ज कर 127 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत 28 प्राथमिकी दर्ज कर 35 आरोपियों को काबू किया गया। आरोपियों से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि आरोपियों से 584 किलो 425 ग्राम डोडा पोस्त, 1 किलो 250 ग्राम चूरा पोस्त, 28 किलो 471 ग्राम गांजा, 260.830 ग्राम अफीम, 660.515 ग्राम हेरोइन, 160 नशीली गोलियां, 1 किलो 854 ग्राम नशीली गोलियों का घोल और 348 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। शराब तस्करी के खिलाफ 36 प्राथमिकी दर्ज कर 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 225 बोतल देशी शराब, 229.25 बोतल हथकढ़ी शराब, 18 बोतल अंग्रेजी शराब, सात बोतल बीयर और करीब 1815 लीटर लाहन बरामद हुआ।
36 लाख से ज्यादा की चोरी की संपत्ति बरामद : संपत्ति संबंधी अपराधों में 19 प्राथमिकी दर्ज कर 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 36 लाख 4 हजार 600 रुपये की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की गई। अवैध हथियार रखने के 12 मामलों में 15 आरोपी पकड़े गए और 12 देसी पिस्तौल व पांच कारतूस बरामद हुए। जुआ-सट्टे की पांच प्राथमिकी में 13 आरोपियों से 1.50 लाख रुपये बरामद किए गए। संवाद