घायल खिलाड़ी को आधे घंटे तक नहीं मिली फर्स्ट एड
राज्य स्तरीय महिला कुश्ती प्रतियोगिता में मैदान में डॉक्टर नहीं मौजूद, फार्मासिस्ट ने दी मेडिसन
विभाग बोला- स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टर के लिए लिखा था पत्र, नहीं आए डॉक्टर
फोटो नंबर-05 व 06
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। खेल विभाग की ओर से सर छोटू राम इनडोर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कुश्ती अखाड़ा एवं हरियाणा केसरी व कुमारी प्रतियोगिता में मंगलवार को अव्यवस्था का माहौल रहा। जिसका खामियाजा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पहुंची महिला पहलवानों को भुगतना पड़ा। एक मुकाबले में पानीपत की पहलवान सोनिया को उसके प्रतिद्वंद्वी पहलवान ने घायल कर दिया। इसके बाद उसने खुद उसे उठाकर दर्शक दीर्घा के सीट पर ले गई। उस समय अखाड़े में न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही खिलाड़ी को आरामदायक स्ट्रेचर की सुविधा मिली। आधे घंटे तक महिला पहलवान को इलाज नहीं मिल पाया।
मुकाबले के दौरान लगी चोट : महिला पहलवान को एक मुकाबले के दौरान पैर के टखने में चोट आई। महिला पहलवान दर्द से कराह रही थी। लेकिन यहां पर उसे इलाज देने के लिए कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। करीब 30 मिनट बाद इनडोर स्टेडियम के बाहर खड़ी एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी ने उसे मेडिसन दी। जिसके बाद पहलवान को कुछ राहत मिली।
450 से अधिक पहलवान ले रही भाग : खिलाड़ी सोनिया ने कहा कि कुश्ती प्रतियोगिता में अक्सर पहलवानों का घायल होना एक आम बात है। लेकिन इसके लिए उन्हें सुचारु रूप से उपचार मिलना भी अति आवश्यक है। इस प्रतियोगिता में 450 से अधिक महिला पहलवान हिस्सा ले रही हैं। ऐसे में यहां पर डॉक्टर न होना एक बड़ी लापरवाही है।
स्वास्थ्य विभाग को किया आग्रह : जिला खेल अधिकारी सतविंद्र गिल ने बताया कि महिला पहलवान के घायल होने के समय मैं वहां पर मौजूद नहीं थी। लेकिन मुझे कुछ समय के बाद इस घटना की जानकारी मिली थी। जिसके बाद मैंने पत्र के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को यहां डॉक्टर तैनात करने की मांग की।
हड़ताल के कारण समस्या : वहीं सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र नैन ने बताया कि हड़ताल के कारण यह समस्या है। इसके अलावा विभाग की ओर से प्रतियोगिता के लिए स्पेशल एंबुलेंस लगाई गई है। जिसमें दो स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहते हैं। डॉक्टरों की कमी के चलते यहां पर डॉक्टर नहीं भेजा गया। दूसरा यहां पर सुचारु रूप से स्वास्थ्य सेवाओं को एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल के चलते स्थापित नहीं किया जा सका है।