न्यू करनाल रोड पर खुले मेन हॉल दे रहे हादसों को न्योता, दुकानदारों में रोष
बोले, जुलाई से समस्या ज्यों की त्यों, नहीं हो रहा कोई समाधान, विभाग कुंभकर्णी नींद सोया
फोटो नंबर-07
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शहर के न्यू करनाल रोड पर खुले हुए सीवरेज के मेन हॉल सड़क हादसों को न्योता दे रहे हैं। लेकिन इस पर जनस्वास्थ्य विभाग का कोई ध्यान नहीं है। खुले हुए मेन हॉल को विभाग की ओर से कवर न किए जाने से दुकानदारों में गहरा रोष व्याप्त है।
दुकानदारों का कहना है कि विभाग की ओर से मेन हॉल न ढके जाने से यहां पर कई बार हादसे हो चुके हैं और कई लोगों को चोटें लग चुकी हैं। उन्होंने बताया कि यह समस्या जुलाई महीने से ज्यों की त्यों बनी है। काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार तनुज गुप्ता, रामफल, धीरा, कुलदीप, धमेंद्र आदि ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार विभाग को गुहार लगा चुके हैं। लेकिन विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया है जिस कारण वे इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। वहीं दुकानदार प्रकाश, विष्णु, फौजी ने कहा कि यह समस्या केवल दो से पांच दुकानों तक न फैलकर 50 दुकानों पर फैली है। यह न्यू करनाल के शुरू होने से अंत में अमरगढ़ गामड़ी तक फैली हुई है। यदि विभाग ने इस समस्या का जल्द ही कोई समाधान नहीं किया तो वे प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेदारी जन स्वास्थ्य विभाग की होगी।
जल्द होगी समस्या दूर : जनस्वास्थ्य विभाग के एसई देवीलाल ने बताया कि फिलहाल यहां पर अस्थाई रूप से मेन हॉल बनाए गए हैं। इन्हें पक्का करके मेन हॉल बनाया जाना है। जिस कारण यह खुले हुए हैं। जल्द ही यहां पर निर्माण कार्य शुरू करवा इसे पक्का करवा दिया जाएगा। जिसके बाद दुकानदारों को कोई परेशानी नहीं आएगी।