ग्रुप-डी की परीक्षा में सिक्योरिटी एजेंसी का फर्जी इंट्री कार्ड लेकर कई घंटों तक परीक्षा केंद्र में रहा युवक
जब शक हुआ तो खाना खाने की बात कहकर खिसक लिया
एक दिन बाद सिक्योरिटी एजेंसी कर्मचारियों ने दी पुलिस को शिकायत
दो सेंटर अधीक्षकों को लिखित शिकायत के बाद पुलिस को रेफर किया गया मामला
पुलिस कर रही है अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज
फोटो संख्या-10
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। ग्रुप-डी की परीक्षा में डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय कॉलेज में बनाए गए दो परीक्षा केंद्रों पर एक संदिग्ध युवक सिक्योरिटी एजेंसी का फर्जी इंट्री कार्ड लेकर कई घंटों तक रहा। जब उस पर शक हुआ तो वह खाना खाने की बात कहकर आराम से वहां से निकल गया। एजेंसी कर्मियों द्वारा की गई छानबीन के एक दिन बाद दोनों सेंटर अधीक्षकों को एजेंसी की ओर से शिकायत दी गई। जिसे पुलिस को भेज दिया गया। पुलिस अब अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज में शनिवार को ग्रुप-डी की परीक्षा में दो परीक्षा केंद्र थे। जहां सुबह एक युवक पहुंचा। उसके पास बालाजी सिक्योरिटी एजेंसी का कार्ड था। उसने यहां कैमरे व जैमर आदि लगा रहे युवकों को कहा कि वह उनका बॉस है और एजेंसी की ओर से आया है। युवकों ने उसका एक बार कार्ड चेक किया और वह इन युवकों को लाइन-अप करने से लेकर अन्य इंतजाम करवाने लगा। दोपहर को प्रथम सत्र की परीक्षा खत्म होने के बाद किसी को उस पर शक हुआ तो वह खाना खाने की बात कहकर आराम से सेंटर से निकल लिया और दोबारा नहीं आया। इसके बाद एजेंसी कर्मियों ने एजेंसी मुख्यालय में संपर्क कर पूरे वाक्ये की जानकारी दी। जब पता चला कि एजेंसी की ओर से ऐसा कोई व्यक्ति नहीं भेजा गया तो रविवार को इस संबंध में परीक्षा केंद्र अधीक्षक को लिखित में शिकायत दी गई।
एक केंद्र की अधीक्षक रेनू गुप्ता ने बताया कि रविवार को उन्हें एजेंसी की ओर से शिकायत मिली है कि एक युवक जो फर्जी आई-कार्ड के साथ परीक्षा केंद्र के पास घूम रहा था, वह एजेंसी का नहीं था। उसकी वजह से यदि कोई परेशानी होती है, या एजेंसी का नाम लेकर एजेंसी की पहचान का दुरुपयोग करता है तो एजेंसी का इसमें कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद यह शिकायत पुलिस को दी गई। यह युवक परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं गया।
एसएचओ सदर रोहताश ने बताया कि एक शिकायत मिली है। जिसमें एक युवक के परीक्षा केंद्र के बाहर घूमने की जानकारी दी गई है, जो एजेंसी का नहीं था। पुलिस शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर रही है। युवक फिलहाल फरार है।