नगर परिषद चेयरमैन चुनने के लिए सरगर्मियां तेज
एक गुट ने सुबह डीसी को दिया ज्ञापन, चेयरमैन के चुनाव के लिए तिथि तय करने की मांग की
दूसरे बड़े गुट ने 18 पार्षदों के समर्थन जुटाते हुए अपना चेयरमैन चुने जाने के लिए की पहल
18 पार्षदों के गुट की ओर पार्षद प्रतिनिधि विनोद शर्मा ने कहा-सर्वसम्मति से चेयरमैन चुनेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नगर परिषद कैथल के चेयरमैन के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को पार्षदों के एक गुट ने डीसी से मुलाकात कर चेयरमैन का चुनाव करवाए जाने के लिए ज्ञापन दिया। दूसरी ओर 18 पार्षदों ने सोमवार सांय एक बैठक कर चेयरमैन के चुनाव के लिए सर्वसम्मति से फैसला लेने का ऐलान कर दिया। इस गुट में भाजपा से पूर्व में बागी हुए 13 पार्षदों में से 8 पार्षदों के अलावा पूर्व चेयरमैन गुट के 10 पार्षद शामिल थे। सभी ने शाम को एक जगह बैठक कर एकजुट होने का फैसला लिया। साथ ही फैसला लिया गया कि सर्वसम्मति से चेयरमैन का चुनाव किया जाएगा। पार्षद प्रतिनिधि विनोद शर्मा कठवाड़ ने इस बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि 18 पार्षद अब एक गुट में आ गए हैं। ये सभी पार्षद शहर के विकास के लिए अब चेयरमैन का चुनाव चाहते हैं। ताकि नगर परिषद में चल रही अव्यवथाएं खत्म की जा सकें। पार्टीबाजी से ऊपर उठकर इन सभी 18 पार्षदों ने एकजुटता का संकल्प लिया है। जिसमें पिछले गिले शिकवे भुलाकर शहर के विकास के लिए मनमुटाव दूर करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अब शीघ्र ही डीसी महोदया से चुनाव करवाए जाने के लिए बैठक बुलाने की मांग की जाएगी। पिछले दो माह से पार्षदों को एकजुट करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अब इस मुहीम में सफलता मिलती नजर आ रही है। अधिकतर पार्षद शहर की समस्याओं का समाधान चाहते हैं।
एक गुट ने की डीसी से मुलाकात, चुनाव की मांग कीपार्षद प्रतिनिधि प्रवीण सिंगला ने बताया कि सात पार्षदों ने हस्ताक्षर कर डीसी को ज्ञापन दिया है। जिसमें चेयरमैन का चुनाव करवाए जाने के लिए नगर पार्षदों की बैठक बुलाए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण सिंगला, प्रतिनिधि सुरेश कश्यप, प्रतिनिधि कृष्ण मित्तल, प्रतिनिधि बलजीत रंगा शामिल थे। इस पर इन चार पार्षदों के अलावा वार्ड नंबर 1 से किरण, पूजा अग्रवाल, निशा गर्ग के हस्ताक्षर थे। डीसी सुनीता वर्मा ने मामले को सीटीएम के पास भेज दिया। सीटीएम ने कहा कि नियमानुसार शीघ्र चुनाव करवाया जाएगा।