नगर परिषद कार्यालय में नौ कर्मचारियों को हटाने के मौखिक आदेश
- ठेकेदार ने मौखिक तौर पर कहा- आपकी सेवाएं समाप्त हो गई हैं
- पुष्टि करने से ठेकेदार का इंकार
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नगर परिषद में कांग्रेस पक्ष के कार्यकारी चेयरमैन बने डॉ. पवन थरेजा के चयन के बाद अब कर्मचारियों पर गाज गिरना शुरू हो गई है। बुधवार को परिषद में 9 ठेके के आधार पर लगे कर्मचारियों को मौखिक तौर पर सेवाएं समाप्त कर दी गई। जबकि न तो ठेकेदार और न ही कार्यकारी चेयरमैन इस बात की पुष्टि कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार परिषद में ठेके पर कार्यरत तीन माली, दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, एक ड्राफ्ट्समैन, एक क्लर्क, पैरोकार, कम्प्यूटर ऑपरेटर को ठेकेदार ने मौखिक तौर पर उनकी सेवाएं समाप्त होने की जानकारी दी है। इन कर्मचारियों ने कहा कि यह उनके साथ ज्यादती है। वे अच्छे ढंग से काम कर रहे हैं। उन्हें बिना किसी कारण से हटाया जा रहा है।
वहीं इस संबंध में ठेकेदार पवन ने कहा कि उन्होंने किसी कर्मचारी को नहीं हटाया है। ईओ, नगर परिषद चेयरमैन ही इस संबंध में फैसला ले सकते हैं।
दूसरी ओर कार्यकारी चेयरमैन डॉ. पवन थरेजा ने कहा कि उन्होंने अभी किसी कर्मचारी को हटाने के आदेश नहीं दिए हैं।