पूंडरी। अमर उजाला द्वारा सड़क की बदहाली की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद आखिरकार जिला प्रशासन की नींद खुली। जिसके बाद प्रशासन ने पूंडरी से ढांड रोड पर गांव फरल की बदहाल सड़क की सुध ली।
गांव फरल में खनौदा चौक से महाराणा प्रताप चौक तक उखाड़ी हुई यह बदहाल सड़क राहगीरों व वाहन चालकों की भारी समस्या का सबब बनी हुई थी। ग्रामीण रणदीप सिंह, नरेंद्र सिंह, बिजेंद्र ठाकुर, अंग्रेज सिंह, सोनू, प्रमोद शर्मा, रवि शर्मा, धर्मपाल राणा, मोहन राणा, विक्की राणा, अजय आर्य, जगमाल सिंह, प्रदीप राणा व ईश्वर ने बताया कि जिला प्रशासन व संबंधित ठेकेदार ने इस सड़क को उखाड़ने में तो तेजी बरती थी लेकिन जैसे वे इस सड़क का निर्माण करना ही नहीं चाह रहे थे। सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया और निर्माण कार्य कछुआ चाल से शुरू व बंद चलता रहा।
बता दें कि इस समस्या को अमर उजाला ने 3 अप्रैल को प्रमुखता से छापा था। जिसका परिणाम यह रहा है इस निर्माणाधीन सड़क के ठेकेदार ने सड़क को बनाने के कार्य में तेजी बरती और सोमवार को इस सड़क पर बजरी व तारकोल डलवाना शुरू कर दिया है। जिससे इस मुख्य सड़क पर आवागमन सरल हो जाएगा और सड़क की साइडों में निवास करने वाले लोगों को धूल व टायरों से छिटकने वाले पत्थरों से राहत मिलेगी। इस सड़क के निर्माणकार्य की तेजी से जहां फरलवासियों में खुशी की लहर है वहीं ग्रामीणों ने उनकी इस समस्या को जिला प्रशासन व लोगों के सामने प्रस्तुत करने पर अमर उजाला का आभार जताया है। सड़क ठेकेदार बलबीर सिंह ने बताया कि अप्रैल के महीने के अंत तक इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।