नगर परिषद के सामने पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क गड्ढों से हुई बंद, वाहनों को रास्ता न मिलने से लगता घंटों जाम
माता गेट से लेकर भाई उदय सिंह किला तक खोदी गई है सड़क
फोटो नंबर-11 व 12
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से जवाहर पार्क के बूस्टर से माता गेट के बूस्टर से पानी के लिए पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क एक महीने के बाद भी ठीक नहीं किया गया है। जिससे राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है। हालांकि पाइप डालने का काम पूरा हो गया है। सड़क खोदने के बाद से एक किलोमीटर तक बड़े-बड़े गड्ढे बन गए है। जिसमें बारिश आने के बाद काफी पानी भर जाता है। इसके साथ ही गड्ढे होने के बाद सड़क भी छोटी पड़ गई है। जिससे यहां पर सुबह व शाम के समय घंटों तक जाम लग जाता है। इससे वाहन चालकों को काफी कठिनाई होती है। इसके साथ ही सड़क किनारे दुकानदारों का काम भी प्रभावित हुआ है।
दुकानदार टींकू नंदा ने बताया कि नगर परिषद की ओर से कुछ समय पहले पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था। लेकिन यह कार्य पूरा होने के बावजूद भी यहां पर खोदी गई सड़क को ठीक नहीं करवाया गया है। जिससे यहां पर काम भी काफी प्रभावित हुआ है।
वहीं राजू ने बताया कि सड़क के ठीक न किए जाने से यहां पर बारिश होने के बाद काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां पर कच्ची सड़क होने से जलभराव हो जाता है। जिससे पैदल गुजरने वाला व्यक्ति कई बार फिसल भी जाता है।
यह कहना है अधिकारियों का : जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन वीके गुप्ता ने बताया कि सड़क के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को राशि दे दी गई है। अब सड़क बनाना उनका कार्य है।
वहीं पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन कुलदीप ने बताया कि अभी पाइप लाइन दबाने का करीब 10 प्रतिशत कार्य शेष रह गया है। जो अगले दो से तीन दिन तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद सड़क की रिपेयर का भी टेंडर लगा दिया जाएगा।