सामुदायिक केंद्र की मांग को लेकर एसडीएम से मिले नायक समाज के लोग
फोटो नंबर-31
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। कलायत में सामुदायिक केंद्र की मांग को लेकर शुक्रवार को मार्केट कमेटी चेयरमैन संजीव राणा के नेतृत्व में नायक समाज के लोगों ने एसडीएम जगदीप सिंह से मुलाकात कर केंद्र के लिए जगह मुहैया करवा जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि नायक समाज के लोग कई वर्षों से सामुदायिक केंद्र की मांग करते आ रहे है। नगर में उनकी आबादी घनी है जो ज्यादातर वार्ड 8 में ही रह रही है। वार्ड के आस-पास उचित स्थान न होने के कारण विवाह और दूसरे कार्यक्रमों के लिए उन्हें मजबूरन गलियों में टेंट लगाना पड़ता है। सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उनके पास चौपाल और अन्य सार्वजनिक भवन की कोई व्यवस्था नहीं है। इस समस्या से निरंतर राजनेताओं और अधिकारियों को अवगत करवाया जाता रहा। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एसडीएम जगदीप सिंह से जल्द से जल्द सामुदायिक केंद्र निर्माण के लिए त्वरित कार्रवाई करवाने की अपील की है। एसडीएम जगदीप सिंह ने नायक समाज के लोगों से सामुदायिक केंद्र के लिए नगरपालिका चेयरपर्सन व पार्षदों से मिलने को कहा और प्रशासन से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर लीला राम, मदन सिंह, राजेश कुमार, राकेश कुमार, विक्रम सिंह, कुलदीप कुमार, अमित, दीपक और नायक समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।