सीएम की घोषणाओं पर शीघ्र काम के निर्देश
डीसी ने ली अधिकारियों की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डीसी धर्मवीर सिंह ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लंबित घोषणाओं को शीघ्र शुरू करवाएं, ताकि लोगों को इन विकास परियोजनाओं का लाभ मिल सके।
डीसी लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला में अब तक 235 विकास परियोजनाओं की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई है, जिनमें से 71 विकास परियोजनाओं में से पूर्ण किया जा चुका है तथा 74 पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि 75 घोषणाएं लंबित हैं तथा 15 घोषणाओं को नॉन फिजिबल हैं। उन्होंने लंबित घोषणाओं की समीक्षा करते हुए भूना गांव में प्रस्तावित घाट का निर्माण, माजरी में स्टेडियम, गुहला विधानसभा क्षेत्र में 84 विकास कार्यों, वन के चारों ओर फेसिंग, भागल व अगौंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, पापसर में प्रस्तावित 33 केवी सब स्टेशन तथा गुहला विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित नई सड़कों के निर्माण के अतिरिक्त गुहला नगर पालिका के कार्यालय व रिहायशी भवन, पटवारखाना, हुडा में प्रस्तावित जिमखाना क्लब तथा गुहला में अधिकारी व कर्मचारी रिहायशी भवनों का निर्माण, आंधली में स्टेडियम आदि की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गंभीरता से इन विकास कार्यों को यथाशीघ्र शुरू करवाना सुनिश्चित करें।