ससुरालियों ने पत्नी को नहीं भेजा तो व्यक्ति ने पशुओं के चारे में मिला दिया जहर
- गांव ढुंढवा में पांच भैंसें और एक बैल को जहर देने का मामला
- पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार किया, जेल भेजा
फोटो संख्या-15
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मायके में रह रही पत्नी को साथ न भेजने पर पति ने अपनी ही ससुराल में 5 भैंसों व एक बैल को जहर देकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हरियाणा गो संरक्षण एवं गो संवर्धन एक्ट की धाराएं जोड़ दी गई हैं। साथ ही वारदात में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि करीब 50 वर्षीय किसान सेवा राम निवासी ढुंढवा की शिकायत पर 26 सितंबर को थाना कलायत में केस दर्ज किया गया था। जिसमें उसने कहा था कि अज्ञात व्यक्ति ने उसकी 5 भैंस व एक बैल को जहर देकर मार दिया है।
मामले की जांच के दौरान थाना कलायत पुलिस के सब इंस्पेक्टर शिवकुमार ने करीब 42 वर्षीय आरोपी लाजपत उर्फ लाला निवासी रापड़िया पट्टी बालु को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी वर्ष 2010 में सेवाराम निवासी ढुंढवा की पुत्री के साथ शादी हुई थी। उसके पास एक पुत्र व एक पुत्री सहित दो संतान है। उसने कबूला कि वह अक्सर शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ झगड़ा कर लेता था। जिस कारण उसके ससुराली जन उसे मायके ले गए, तो वह परेशान रहने लगा। उसने अपने साले को फोन पर धमकी दी कि पत्नी भेज दो वर्ना तुम्हें उजाड़ कर सबक सिखाऊंगा, परंतु ससुराल वाले उसे सुधरने की कहने लगे। योजना अनुसार उसने 26 सितंबर की रात अपने खेत में बची हुए धान में डालने वाली जहरीली दवा ली और बाइक से देर रात ससुराल पहुंच गया। वहां दीवार फांदकर पशुओं के चारे व पीने के पानी में जहरीली दवा मिलाकर वापस घर आकर सो गया। अगली सुबह उसे रिश्तेदारों के माध्यम से पता चला कि कई पशुओं की मौत हो चुकी है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की निशानदेही पर उसकी बाइक बरामद कर कब्जे पुलिस में ले ली गई। आरोपी को 30 सितंबर को न्यायालय के आदेश अनुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।