गोशाला को आर्थिक सहायता न मिलने पर रोष
फोटो नंबर-24
अमर उजाला ब्यूरो
सीवन। गोशाला में पिछले कई वर्षों से चल रहे घोर आर्थिक संकट को लेकर गोशाला सेवा समिति के सदस्यों ने बैठक की। इस बैठक की अध्यक्षता गोशाला सेवा समिति के प्रधान नरेंद्र सैनी व उप-प्रधान पवन शर्मा ने की। बैठक में आर्थिक संकट से गोशाला को उबारने के विषय पर गहनता से विचार-विमर्श किया गया।
समिति के कोषाध्यक्ष प्रशांत आनंद राजू व उप-प्रधान पवन शर्मा ने कहा कि गोशाला का वार्षिक बजट पहले से काफी बढ़ गया है। एक तो गोशाला में गायों की संख्या बढ़ गई है व दूसरा महंगाई के इस दौर में गौशाला का खर्चा बहुत मुश्किलों से पूरा हो रहा है। गोशाला के ये हालात हैं कि खर्चा यहां काफी अधिक है व आय काफी कम है। गोशाला को लगभग 95 प्रतिशत आय दानी सज्जनों के सहयोग से ही होती है। प्रशांत व पवन ने कहा कि एक तो सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि गोशाला के मासिक दानी लोगों की संख्या बढ़ाई जाएगी व जल्द ही सभी सदस्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सेे मिलकर कम से कम सीवन गोशाला को 50 लाख रुपयों का अनुदान देने की मांग करेंगे। ताकि गोशाला सुचारू रूप से चलती रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य बिजेंद्र कोहली, प्रशांत आनंद, पवन शर्मा, महेंद्र मुंजाल, राजकुमार शर्मा, मोहन शर्मा, रामरत्न सैनी, जितेंद्र रत्न, रामकुमार नंदू, राजेश शर्मा, पाली सैनी, चंद्रभान सैनी व अशोक गोयल सहित समिति केे सदस्य व गो भक्त उपस्थित रहे।