गुहला-चीका में महिला कालेज की बिल्डिंग तैयार, जुलाई में होगी जनता को समर्पित
एक जून से शुरू होगी दाखिला प्रक्रिया
पूर्व सांसद बोले-पहले स्टाफ तो भर्ती कर ले सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। चीका में कन्या कालेज बनकर तैयार हो गया है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कैथल में अपने पहले दौरे के दौरान जिले के लिए पहली बड़ी घोषणा यही की थी। कालेज के लिए जमीन नगर पालिका ने दी है तथा भवन निर्माण पर तकरीबन 13 करोड़ रुपये खर्च आए बताए गए हैं। ठेकेदार द्वारा कालेज का यह भवन सरकार के सुपुर्द करने के लिए अभी कुछ कागजी कार्रवाई शेष है जिसे पूरा होने में अभी महीना लगना है। लिहाजा एडमीशन के लिए हुडा आर-3 के प्राइमरी स्कूल को अस्थाई ठिकाना बनाया गया है। पहली जून से सरकार द्वारा कैथल के सरकारी कालेज से उधार लिए गए प्रिंसिपल व अन्य स्टाफ आर-3 के प्राइमरी स्कूल में बैठेंगे और बच्चियों के एडमीशन करेंगे। सूत्रों के अनुसार यहां आर्ट्स, कॉमर्स व मेडिकल तथा नान मेडिकल की कक्षाएं चलाई जाएंगी।
गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर ने कहा कि गुहला में आज तक बने विधायक हर बार कन्या कालेज खोलने के वादे भर करते रहे पर हमने रिकार्ड समय में कालेज बनाकर दिखा दिया। बाजीगर ने कहा कि सीएम मनोहर लाल खट्टर ने सरकार बनते ही पहली कलम से गुहला की जनता को यह तोहफा दिया था जिसका फायदा आने वाली पीढ़ियों को सदियों सदियों तक होना है।
पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ईश्वर सिंह ने कहा कि इसी सत्र से कन्या कालेज खोले जाने का स्वागत है पर सरकार इससे पहले स्टाफ तो भर्ती कर लेती। उन्होंने कहा कि जिन पुराने कालेजों से प्रिंसिपल व टीचर नए खुल रहे कालेजों में भेजे जाने की बात की जा रही है वे कालेज तो पहले ही स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं। ईश्वर सिंह ने कहा कि दरअसल भाजपा की सरकार को शिक्षा आदि की कोई फिक्र नहीं है। अगले सेशन से पहले चुनाव होने वाले हैं और भाजपा की सरकार उससे पहले पहले कालेजों को खोलने और चलाने का श्रेय बटोरना चाहती है।