कैथल। एक व्यक्ति को यूरोप भेजने की बजाए एजेंट ने मलयेशिया भेज दिया। जहां व्यक्ति जेल में रहने के बाद मुश्किल से स्वदेश लौट सका। एजेंट के खिलाफ पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 6 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया है।
गुहला पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित के पिता गांव चक्कू लदाना निवासी मेजर सिंह ने बताया कि देवेंद्र सिंह निवासी गुमथला गढू (पिहोवा) जो इस समय मोहाली व भूपिंद्र सिंह उर्फ किटू निवासी सोढी (कुरुक्षेत्र) ने उनके साथ ठगी की है। भूपेंद्र सिंह उसका रिश्तेदार है और उसके रिश्तेदार ने दिसंबर 2017 में अपने रिश्तेदार देवेंद्र सिंह के माध्यम से मेरे बेटे मनप्रीत सिंह को विदेश भिजवाने की बात कही। इसकी एवज में आरोपी ने उससे 6 लाख रुपये व पासपोर्ट मंगवाया। इसके बाद 4 दिसंबर 2017 को आरोपी उसके घर चक्कू लदाना आए और उससे 6 लाख रुपये, मनप्रीत सिंह का पासपोर्ट व अन्य कागजात ले गया। आरोपी ने पैसे लेने के दौरान कहा था कि वह मनप्रीत सिंह को 2 महीने में यूरोप भेज देगा। लेकिन आरोपी ने उसके लड़के को मलयेशिया भेज दिया। जहां उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। उसे छुड़वाने के लिए उन्हें 70 हजार रुपये खर्च करने पड़े। किसी तरह उसका बेटा वहां से निकल सका और वापिस लौटने पर जब वे आरोपी से अपने पैसे मांगने गए तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया और दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। गुहला इंस्पेक्टर अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।