गांव बात्ता में पानी की निकासी न होने से परेशानी, समाधान की मांग
फोटो नंबर-32
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। पानी की निकासी न होने के कारण बात्ता गांव में बाढ़ की स्थिति बनी है। सजूमा रोड से गांव में जाने वाली तीनों मुख्य गलियों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीण जगदीश, किरण पाल, नरेंद्र राणा, सुभाष, प्रीतम, हिसम सिंह ने बताया कि पिछले करीब तीन महीने से यह समस्या बरकरार है। समस्या को लेकर प्रशासन व ग्राम पंचायत से मिल चुके हैं पर कोई समाधान नहीं हुआ। यदि गांव का गंदा पानी खेतों में निकाला जाता है तो किसानों की फसलों को नुकसान होगा दूसरी और गांव की गलियों में जमा गंदा पानी लोगों के घरों में घुस कर नुकसान कर रहा है। जगदीश का कहना था कि तीनों मुख्य गलियों के सिरों पर तालाब बने हैं जिनका पानी भी ओवरफ्लो होकर गलियों में ही आ रहा है। मंगलवार रात में आई बरसात से गलियों में खड़े पानी का लेवल और ऊपर हो गया। यदि बरसात और आती है तो गांव की बाकी बची गलियां भी पूरी तरह से जलमग्न हो जाएगी।
सरपंच पवन कुमार ने बताया कि गांव के गंदे पानी की समस्या को लेकर उन्होंने प्रशासन से लिखित में शिकायत करीब दो मास पूर्व की थी। गांव के गंदे पानी की निकासी केवल ड्रेन के माध्यम से ही की जा सकती है जो करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। गांव के तालाब पहले से ही ओवरफ्लो हैं जिसके कारण से गंदा पानी गलियों में जलभराव है।