पार्षद ने लगाया सीएसआई पर दुर्व्यवहार का आरोप
डीसी को दी शिकायत, कार्रवाई की मांग
भाजपा की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा एवं पार्षद ने कहा
फोटो संख्या-45
कैथल। भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा एवं वार्ड नंबर 22 से पार्षद ज्योति सैनी ने डीसी को शिकायत देकर नगर परिषद में कार्यरत सीएसआई सहित एक अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ज्योति सैनी ने डीसी को दिए पत्र में कहा कि वार्ड नंबर 22 में सफाई दरोगा बाबू राम व उसका अफसर मोहन सिंह आपस में मिलकर परिषद में ठीक ढंग से काम नहीं करवा रहे हैं। वार्ड में चारों ओर गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। उपस्थिति फर्जी दिखाई जाती है। जबकि कर्मचारी गैर हाजिर रहते हैं। सफाई कर्मचारी राजो देवी को अब मोहन सिंह व दरोगा बाबू राम उनके वार्ड में नहीं भेज रहे, जो नियमित तौर पर सफाई कर रही थी और इनकी कारगुजारी को उजागर कर रही थी। साथ लगते वार्ड 18, 19 व 21 वार्ड में भी एक ही दरोगा है। पार्षद प्रवीण कुमार, रेखा सिंगला व दीपक शर्मा ने भी दरोगा बाबू राम को बदलने की मांग की। लेकिन मोहन सिंह ने कोई कार्रवाई नहीं की। दरोगा व सीएसआई में आपसी मिलीभगत के कारण वे फर्जी हाजिरी दर्शाकर कर्मचारियों की तनख्वाह आपस में बांट रहे हैं। सीएसआई मोहन सिंह को सफाई के लिए आग्रह किया तो उसने उसके साथ दुर्व्यवहार किया जिससे वे काफी आहत हैं और इन दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वहीं सीएसआई मोहन सिंह व दरोगा ने कहा कि वे नियमित तौर पर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। सीएसआई ने कहा कि उन्होंने किसी के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया। न किसी की फर्जी हाजिरी लगाई जाती। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी जांच करवा सकता है।