सौथा रोड पर पानी की निकासी न होने से दरकने लगी सड़कें
- मिट्टी न डलवाए जाने से सड़कें धंसी, आस-पास स्थित मकानों के ढहने का भी बना खतरा
फोटो नंबर-15
अमर उजाला ब्यूरो
सीवन। कस्बा में सीवर कार्य शुरू होने के करीब एक साल होने के बद भी सीवर की खुदाई के बाद उसमें रास्ता नहीं बनाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जिस सड़क या गली में सीवर का काम पूरा हो चुका है उस गली में अभी भी ब्लॉक दोबारा से नहीं लगाए गए हैं और न ही उस गली को सही प्रकार से मिट्टी से दबा कर बंद किया गया है। किसी भी गली का दोबारा से निर्माण नहीं करवाया गया। जिस कारण सौथा रोड पर पानी की निकासी न होने से सड़कें दरकने लगीं हैं।
स्टेट हाईवे कैथल पटियाला मार्ग का सबसे बुरा हाल है। मेन रोड से सोथा रोड का काम सबसे पहले शुरू किया गया था। उसे ठीक न करके सीवन से सोथा रोड की भी सड़क को उखाड़ कर देहात का लिंक सीवन से काट दिया। सीवन के गीता एसडी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के बच्चों को जहां स्कूल पहुंचने में परेशानी हो रही है। वहीं सौथा, हरनौला, सैर, पहाड़पुर, जनेदपुर आदि गांवों को जाने का भी कोई रास्ता नहीं बचा है। लोगों को बहुत लंबा रास्ता तय करके इन गांवों तक पहुंचना पड़ रहा है। जहां-जहां सीवर का काम किया गया है वहां पर अब सड़क दरकने लगी है। विभाग के द्वारा मिट्टी न डलवाने से सड़क धंस चुकी है। आस पास के मकानों के गिरने का भय बना हुआ है। सवाल यह भी है कि इस लोगों की समस्या पर न तो पंचायत का कोई ध्यान है और न ही विभाग इसके समाधान के लिए कोई कार्रवाई कर रहा है। आदर्श नगर के समय में चकाचक बनी सभी गलियां अब बेकार हो चुकी हैं। कई गलियों के ब्लाक भी उठा लिए गए हैं।
जल्द हो गलियों का निर्माण : इन्द्र जीत मदान, पंकज गंभीर, संजीव भारद्वाज, सुखा सिंह, हरि कृष्ण, तिलक राज बहल, बंसी लाल तनेजा, शेर सिंह, श्री पाल सहित अन्य ने मांग की है सोथा रोड व मेन रोड को जल्द से मरम्मत कर चालू की जाए व गलियों को दोबारा से बनाया जाए।
अपील के बावजूद नहीं हो रही सुनवाई : लोक मंच सीवन के प्रधान ओपी मुटरेजा ने बताया कि इस समस्या को लेकर विभाग के आला अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई है। लेकिन इसके बावजूद भी इसका कोई समाधान नहीं हो रहा है।
जल्द डाली जाएगी मिट्टी : जेई हरि सिंह ने बताया कि बरसात आने के कारण सड़कें व गलियां बैठी है। मिट्टी डालने के लिए ट्रैक्टर लगाए गए हैं। लेकिन रोजाना हो रही बारिश के कारण काम नहीं चल रहा है। जहां-जहां बारिश के कारण मिट्टी बैठी है वहां पर और मिट्टी डाल कर बराबर किया जाएगा।
आज से शुरू करवाएंगे रोड़ा डालने का कार्य : सरपंच प्रतिनिधि अमरेंद्र खारा ने बताया कि बारिश के कारण सड़क दरकने की परेशानी सामने आई है। इसमें मिट्टी के साथ आज से ही रोड़ा डालने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इस बार अक्तूबर महीने में सड़क निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा।