जिम्मेदारी 5 से 6 गांवों की और भत्ता मात्र 20 रुपये मासिक, बड़ी नाइंसाफी है साहब!
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल।
गांव की सरकार के सारे काम-काज को कागजी शक्ल में ढालने व ग्रामीण विकास की सबसे अहम कड़ी ग्राम सचिव अब सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। एक ग्राम सचिव के पास औसतन 5 से 6 गांवों का कार्यभार है। जिसमें करीब 20 किलोमीटर से अधिक का क्षेत्र आ जाता है। लेकिन सरकार द्वारा एक ग्राम सचिव को वाहन भत्ते के नाम पर महज 20 रुपये मासिक दिया जा रहा है। जिसे अब ग्राम सचिव एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री राहत कोष मेें देने का फैसला लिया है। साथ ही सरकार से मांग की है कि उनके वेतन में अन्य विभागों की तर्ज पर नियमानुसार वृद्धि हो। उक्त मांग के अलावा वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को ग्राम सचिव एसोसिएशन ने हनुमान वाटिका में एकत्रित होकर लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया। बाद में डीसी के नाम सीटीएम को ज्ञापन दिया।
ग्राम सचिव एसोसिएशन कैथल के प्रधान विकास शर्मा ने बताया कि कैथल जिले में 277 ग्राम पंचायतों पर 98 ग्राम सचिव के पद स्वीकृत हैं। इनमें से महज 70 ग्राम सचिव के पद भरे हुए हैं। औसतन एक ग्राम सचिव के पास 5 से 6 गांव हैं। जिसमें उन्हें यदि एक दिन में दो गांवों में भी जाना पड़ जाए तो 20 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करना पड़ता है। सरकार ने अब ग्राम सचिवालय भी बना दिए हैं। जिसके तहत कई गांवों में निर्धारित दिन जाकर बैठना जरूरी है। इसके लिए ग्राम सचिव अपने निजी वाहन का प्रयोग कर रहे हैं। सरकार द्वारा उन्हें हर माह महज 20 रुपया मासिक भत्ता दिया जा रहा है। जिसमें आज साइकिल भी नहीं चल सकता। जब से यह पद सृजित हुआ है, तभी से यही दर है। इसमें बढ़ोत्तरी आज के समय से होनी चाहिए। आज कोई साइकिल नहीं चलाता और यदि चलाएगा तो एक दिन में एक गांव भी कवर नहीं हो पाएगा।
सरकार ने पिछले दिनों जब ग्राम सचिव भर्ती किए थे तो उनका वेतन पटवारी, जेबीटी, एएनएम, एमपीएचडब्ल्यू, पुलिस सिपाही के बराबर था। अब इन सभी विभागों में कर्मचारियों का वेतन बढ़ा दिया है। केवल ग्राम सचिव का वेतन नहीं बढ़ाया है।
इसके साथ-साथ ग्राम सचिव की भर्ती के लिए योग्यता दसवीं है। जबकि आज सरकार गांवों में ऑनलाइन सेवाओं को बढ़ा रही है। ऐसे में कई ग्राम सचिव परेशान हैं। ग्राम सचिव भर्ती की शैक्षणिक योग्यता भी बढ़ाकर स्नातक की जाए। उनका ग्रेड पे बढ़ाया जाए। ग्राम सचिव का स्टेट कैडर किया जाए। समाज शिक्षा अधिकारी की सीधी भर्ती बंद करके पदोन्नति से भरे जाएं। ग्राम सचिव के पद को तकनीक पद घोषित किया जाए। ग्राम पंचायत में सचिव व कनिष्ठ लिपिक कम कम्प्यूटर ऑपरेटर का पद सृजित किया जाए। विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई ग्राम सचिवों से संबंधित घोषणाओं को सरकार शीघ्र पूरा करे। प्रदर्शन के समय हरदीप सिंह, सुरेश कुमार, सुरेंद्र शर्मा, राजकुमार, राजबीर सिंह, रामदिया, ब्रजेश कुमार, दलबीर सिंह, बलबीर सिंह, रविंद्र कुमार, विनोद कुमार सहित काफी संख्या में ग्राम सचिव मौजूद थे।
- सुविधाओं की कमी से जूझ रहे ग्राम सचिव, लघु सचिवालय में प्रदर्शन के बाद में डीसी के नाम सीटीएम को सौंपा ज्ञापन
- ग्राम सचिव एसोसिएशन का फैसला-20-20 रुपये मिलने वाले साइकिल भत्ते को देंगे हर माह मुख्यमंत्री राहत कोष में
फोटो संख्या-3 व 4