मैडम! सब्जी मंडी से आए दिन चोरी हो रही हैं बाइक, जाम से भी नहीं मिल रही निजात
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डीसी सुनीता वर्मा ने बुधवार को सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण किया तो तमाम अव्यवस्था मिलीं। मंडी में गंदगी, अतिक्रमण आदि की समस्याएं मिली हीं, लोगों ने यहां से बाइक चोरी होने और पीने के पानी की व्यवस्था न होने की भी शिकायत की। इस पर डीसी ने समस्या के समाधान के निर्देश दिए। लोगों ने डीसी को यहां 10 के सिक्के दुकानदारों की ओर से न लिए जाने की भी शिकायत की।
डीसी सुनीता वर्मा सुबह 11 बजे सब्जी मंडी पहुंची। यहां उन्होंने मंडी में ग्राहकों व दुकानदारों से वहां की समस्याओं की जानकारी हासिल की। हालांकि डीसी की सूचना मंडी में पहले ही पहुंच चुकी थी। जिस कारण कुछ हद तक साफ-सफाई भी की हुई थी। लेकिन लोगों ने डीसी को बताया कि यहां हर समय गंदगी के बीच सब्जी खरीदने को मजबूर रहते हैं। जिस पर डीसी ने अधिकारियों को तलब करते हुए नियमित सफाई के निर्देश दिए। दुकानदार श्याम ने कहा कि यहां कोई भी सफाई के लिए नहीं आता। मंडी में लोगों ने बताया कि पीने के पानी व शौचालय का इंतजाम नहीं है।
लाइट खराब, नहीं कोई ध्यान
दुकानदार विक्की ने बताया कि मंडी में कई महीनों से लाइट खराब पड़ी है। यहां पर शरारती तत्वों व चोरों पर लगाम लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों को लगाने की भी विशेष मांग है। उसने बताया कि मंडी में लगातार चोरी हो रही है। दुकानदारों ने बताया कि सब्जी मंडी से लगातार बाइक चोरी हो रहीं हैं। वहीं ग्राहकों ने बताया कि दुकानदार 10 रुपये का सिक्का नहीं लेते। इधर, डीसी ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड तथा नगर परिषद के अधिकारियों को 15 दिन में सब्जी मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या, पोल टूटे हुए थे
निरीक्षण में डीसी को अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या मिली। उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब किया कि यहां इतना अतिक्रमण क्यों होने दिया जा रहा है। अतिक्रमण हटाकर रास्ते साफ करने के निर्देश जारी किए।
सब्जी मंडी में जो भी समस्या मिली है। उसका सभी संबधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर समाधान करने के आदेश दिए गए हैं। 15 दिनों के बाद दोबारा दौरा करके यहां की स्थिति को जाना जाएगा।
सुनीता, डीसी कैथल।