बारिश के पानी से स्कूल लबालब
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। बारिश के पानी की निकासी का रास्ता न होने के कारण अनेक शिक्षण संस्थान पानी से लबालब हो गए हैं। कई सरकारी संस्थान के परिसरों में 25 अगस्त को हुई बारिश के पानी की निकासी नहीं हुई थी कि मंगलवार सुबह हुई बारिश ने परेशानी और बढ़ा दी। सरकारी प्राथमिक कन्या व लड़कों की पाठशाला, बीआरसी कार्यालय परिसर में तो हाल सबसे बुरा है। स्कूल परिसर काफी बड़ा है तथा उसमें से पानी की निकासी की कोई व्यवस्था ही नहीं। बच्चों को अपने क्लास रूम तक जाने में भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नगर में पानी निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए करोड़ों की लागत से सीवरेज बिछाई हुई है मगर स्कूलों का उसमें कनेक्शन नहीं हो पाया। अभिभावकों का कहना है कि सरकार व शिक्षा विभाग को इस प्रकार की व्यवस्था तो करनी ही चाहिए जिससे स्कूलों के परिसर में बारिश का पानी खड़ा ही न होने पाए। कई स्कूलों के मुखिया ने बताया कि इस समस्या से विभागीय अधिकारियों को पहले ही अवगत कराया हुआ है।