जिले में धारा 144 लागू, खुले में पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर रोक
- डेरा प्रमुख पर कोर्ट के संभावित फैसले के मद्देनजर प्रशासन ने उठाए सुरक्षा के कदम, सीमा सुरक्षा बल की भी एक कंपनी तैनात
- उधर, डेरा प्रेमियों की चार घंटे तक सभी डेरों में नाम चर्चा जारी, अब शांति बनाए रखने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डेरा प्रमुख संत राम रहीम पर कोर्ट के संभावित फैसले के मद्देनजर जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। साथ ही जिले में खुले में पेट्रोल व डीजल की बिक्री पर रोक लगाने के अलावा लाइसेंसी हथियार धारकों को संबंधित थानों में अपने हथियार जमा करवाने के लिए कहा है। दूसरी ओर जिले के सभी ब्लॉकों में सुबह दस बजे से दो बजे तक दिन में डेरा प्रेमियों की नाम चर्चा जारी रही। डेरा प्रेमियों से 25 अगस्त तक हर रोज नामचर्चा में पहुंचने के लिए कहा गया है। पूर्व में अस्त्र-शस्त्र लाए जाने की अपील के बाद अब डेरा प्रेमियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए असामाजिक तत्वों से सावधान रहने के लिए भी डेरे की ओर से संदेश जारी किया गया है।
विदित रहे कि 25 अगस्त को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत राम रहीम की पंचकूला में पेशी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। डेरा प्रेमियों द्वारा प्रतिकूल फैसले के दौरान हर संभव कदम उठाए जाने की चेतावनी व कई डेरों में लाठी व हथियारों के साथ प्रदर्शन के चलते भी प्रशासन एहतियातन कदम उठा रहा है।
जिलाधीश सुनीता वर्मा ने कहा कि आम जन की सुरक्षा हेतू संपूर्ण जिले में तुरंत प्रभाव से धारा 144 लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों के तहत जिला की संपूर्ण परिधि में जिला प्रशासन द्वारा प्राधिकृत स्थलों के अतिरिक्त अन्य जगहों पर पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने, हथियार लेकर चलने तथा जिला में पेट्रोल पंपों पर खुले पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
हथियार जमा करवाएं : जिलाधीश ने जिला में लाइसेंसी हथियार धारकों को 23 अगस्त 2017 तक अपने हथियार व असलहा संबंधित एसएचओ या हथियार डीलर के पास जमा करवाने के निर्देश भी दिए हैं। एसएचओ एवं हथियार डीलर उनके पास जमा करवाए गए हथियारों एवं असलाह की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होंगे। हथियार धारक इन हथियारों एवं असलहा को प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत किसी भी दिन रसीद दिखाकर वापस ले सकेंगे। दंड प्रक्रिया नियमावली 1973 की धारा 144 के तहत जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए स्थलों के अलावा जिला की सीमा में पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने तथा हथियार आदि लेकर चलने पर तुरंत प्रभाव से पाबंदी लगाने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश जिला की सीमा में शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जारी किए गए हैं जो आगामी 31 अगस्त 2017 तक जारी रहेंगे। जारी किए गए आदेशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए स्थलों के अलावा अन्य स्थलों पर गैर कानूनी गतिविधियों, सडक़ जाम करने, रास्ते, रेलवे ट्रैक, वाटर चैनल, पॉवर हाउस के आसपास पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। आदेशों के तहत विस्फोटक पदार्थ व किसी भी तरह का हथियार लेकर चलने में पूर्ण पाबंदी रहेगी।
आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रुम स्थापित
डीसी सुनीता वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। इस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 01746-234223 तथा 100 नंबर पर भी जिला का कोई भी व्यक्ति इस संदर्भ में किसी भी सूचना की पुष्टि तथा जानकारी हासिल कर सकता है। आम जन असामाजिक तत्वों की किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी प्रकार अफवाहें फैलाने वालों की जानकारी नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर पर दें।
डेरों में हुई चार घंटों तक नामचर्चा : डेरा सच्चा सौदा के जिले भर में स्थित डेरों में सोमवार को भी नामचर्चा का आयोजन किया गया। डेरा के अग्रणी लोगों के अनुसार डेरा की ओर से अब सभी अनुयायियों से अपील की गई है कि वे फैसले का इंतजार करें। इस दौरान शांति बनाए रखने में सहयोग करें। क्योंकि पता चला है कि असामाजिक तत्व इस मौके का फायदा उठाकर गलत काम कर सकते हैं। इसलिए डेरा प्रेमी शांतिपूर्वक 25 अगस्त तक नाम चर्चाओं में भाग लें। फैसले के बाद की स्थिति से अवगत करवा दिया जाएगा।
पंचकूला पहुंचने का सिलसिला शुरू
सूत्रों के अनुसार कई डेरा प्रेमियों का 22 अगस्त से ही पंचकूला पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। डेरा प्रमुख की पेशी को लेकर डेरा प्रेमियों की पंचकूला में भीड़ उमड़ने की संभावनाएं हैं।
सीमा सुरक्षा बल की कंपनी पहुंची
जिले में आपात स्थिति के लिए सीमा सुरक्षा बल की एक कंपनी पहुंच गई है। पुलिस लाइन में कंपनी की ड्यूटी है। कंपनी द्वारा मंगलवार को मार्च-पास्ट किया जा सकता है।
नाकों पर चुस्त नजर नहीं आ रही पुलिस : कहने को तो पुलिस-प्रशासन सुरक्षा को लेकर अलर्ट है। लेकिन शहर में इंटरी प्वाइंट्स पर सुरक्षा संबंधी संवेदनशीलता जैसी कोई बात नजर नहीं आ रही है। बेरोकटोक कोई भी आ जा सकता है।
एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने कहा कि जहां भी खामियां हैं। उन्हें दूर किया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। धारा 144 के तहत लागू नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। डेरे के अग्रणी लोगों से भी प्रशासन लगातार संपर्क बनाए हुए है। यदि कोई असामाजिक तत्व गड़बड़ करता है तो सख्त कार्रवाई होगी।
डेरा सच्चा सौदा द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करें डेरा प्रेमी : बाजीगर
गुहला-चीका। विधायक कुलवंत बाजीगर ने देश भर में फैले डेरा सच्चा सौदा सिरसा के अनुयायिओं से आह्वान किया कि वे डेरे द्वारा दिखाए गए राष्ट्र निर्माण व समाज भलाई के मार्ग पर चलते हुए सरकार व प्रशासन का सहयोग करें। चाहे हालात कैसे भी हो कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न लें। विधायक रविवार देर रात उनके निवास पर मिलने आए डेरा प्रेमियों से बातचीत कर रहे थे।
डेरा प्रेमियों ने बाजीगर को एक पत्र सौंप गुहार लगाई कि वे मुख्यमंत्री से मिल मामले में हस्तक्षेप करने को कहें। बाजीगर ने डेरा प्रेमियों से कहा कि उनका पूरा परिवार पिछले कई दशकों से डेरे के साथ जुड़ा हुआ है और उनकी डेरे के साथ पूरी आस्था है। जिस प्रकार से डेरे के साथ विश्वास है उसी प्रकार का विश्वास देश की न्याय प्रणाली पर भी है। बाजीगर ने डेरा प्रेमियों को आश्वस्त किया कि इस मामले में उनके गुरु का बाल भी बांका नहीं होगा और वे मामले से बरी होकर एक बार फिर से अपने भक्तों का मार्ग दर्शन करेंगे।