संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने जिला अनुसार परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर दिया है। कैथल जिले में आवेदन करने वाले 3142 परीक्षार्थियों के लिए 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 30 नवंबर को किया जाएगा।
प्रदेशभर के 54,475 विद्यार्थियों के लिए कुल 192 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी छात्रवृत्ति के पात्र होंगे। जिला शिक्षा विभाग को सभी केंद्रों पर नकल-रहित और सुचारू परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी केंद्रों पर निर्धारित संख्या से 10-12 अतिरिक्त सीटें रखी गई हैं, ताकि गलती से गलत केंद्र पर पहुंचे विद्यार्थियों की प्रवेशपत्र जांच कर उनकी परीक्षा ली जा सके और उन्हें भटकना न पड़े। हालांकि इस बारे आधिकारिक पत्र अभी बोर्ड की ओर से जारी नहीं किया गया है।
एनएमएमएस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए सहायता प्रदान करना है। इसमें केवल राजकीय विद्यालयों में पढ़ रहे कक्षा 8वीं के वही विद्यार्थी शामिल होंगे, जिन्होंने कक्षा 7वीं राजकीय विद्यालय से उत्तीर्ण की हो। परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी और इसमें गणित, विज्ञान व सामान्य ज्ञान से जुड़े 90 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों की मानसिक योग्यता परखी जाएगी।
जिला अनुसार परीक्षार्थी व परीक्षा केंद्र
जिला परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र
सोनीपत 2733 10
रोहतक 1493 5
झज्जर 1379 5
अंबाला 3759 13
भिवानी 2240 8
चरखी दादरी 1061 4
फरीदाबाद 1442 5
फतेहाबाद 2766 10
गुरुग्राम 3375 12
हिसार 3511 12
जींद 2984 10
कैथल 3142 11
करनाल 3197 11
कुरुक्षेत्र 2411 8
महेंद्रगढ़ 1848 7
नूंह 1845 7
पलवल 1512 6
पंचकूला 1463 5
पानीपत 4194 14
रेवाड़ी 2170 8
सिरसा 4006 14
यमुनानगर 1944 7
- -
कैथल जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्र
केंद्र का नाम कुल सीटें
-
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गीता भवन 312
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कमेटी चौक 312
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सीवन रोड, पट्टी अफगान 312
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जखौली अड्डा 312
हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठ मंडी 312
जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कैथल 312
स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पाडला रोड, प्रताप गेट 312
जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (गर्ल विंग), कैथल 311
सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चंदाना गेट 312
एवरग्रीन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल 310
गीता हाई स्कूल, सीवन रोड, पट्टी अफगान 164
-
वर्जन
“एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं। जिले में 30 नवंबर को 11 केंद्रों पर 3,142 विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। विद्यार्थियों को प्रवेशपत्र वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न करवाने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।”
– छत्रपाल, डीएमएस, कैथल