स्वच्छता सर्वेक्षण पर ग्रहण : शहर में कई जगह टूटे पड़े हैं मैनहोल, हादसों का डर
चीफ इंजीनियर ने भी दिए हैं निर्देश, नहीं हो रही सुनवाई
लोगों ने कहा-शीघ्र ठीक करवाए जाएं मैनहोल
फोटो नंबर-07 व 08
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाया गया स्वच्छता सर्वेक्षण चार जनवरी से शुरू हो चुका है। जिसके तहत शहर में 15 जनवरी से पहले किसी भी समय स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम स्वच्छता का निरीक्षण के लिए पहुंच सकती है। लेकिन शहर में बदहाल सीवरेज की व्यवस्था व कई स्थानों पर खुले हुए सीवरेज के मैनहोल स्वच्छता सर्वेक्षण पर ग्रहण साबित होते दिखाई दे रहे है। शहर कई बाजारों व कालोनियों सहित अन्य स्थानों पर सीवरेज व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। जिससे यहां पर कॉलोनीवासियों व राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सुभाष नगर निवासी विक्की ने कहा कि सर्दी के दिनों में दिन छोटे होने के कारण शाम के समय अंधेरे में मेन हाल के कारण हादसों का अधिक डर सताता है। देवीगढ़ रोड पर स्थित सुभाष नगर निवासी सुभाष ने बताया कि यहां पर कुछ समय पहले सड़क बनाने का कार्य शुरू किया था। सड़क को बन गई लेकिन यहां पर जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से मैनहोल को बंद नहीं किया गया।
इन कालोनियों में है समस्या : शहर में नानकपुरी कालोनी, सुभाष नगर, हिंद सिनेमा, बालाजी मार्केट, खाटू श्याम मंदिर वाली गली, बिशनगढ़ कालोनी, अर्जुन नगर, पुराना एसबीआई रोड, खुराना रोड, देवीगढ़ रोड, सेक्टर 21 में खुले हुए सीवरेज के मेेन हॉल की समस्या है। जहां पर जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
चीफ इंजीनियर ने भी दिए हैं निर्देश, नहीं हो रही सुनवाई : विदित रहे कि शहर में खुले हुए मैनहोल व सीवरेज की समस्या को लेकर पार्षदोें ने जन स्वास्थ्य विभाग परिसर में दो दिन तक लगातार धरना भी दिया था। जिस पर विभाग के चीफ इंजीनियर ने स्वयं आकर अधिकारियों को निर्देश दिए थे।
इस समस्या को लेकर एसई देवीलाल ने कहा कि अभी वे कहीं व्यस्त हैं। बाद में बात करेंगे।