कड़ी सुरक्षा के बीच 15 हजार 131 परीक्षार्थियों ने दी पहले दिन की परीक्षा
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई एचएसएससी ग्रुप डी की परीक्षा, 22 हजार 984 ने किया था आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ग्रुप डी पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के लिए शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच 43 परीक्षा केंद्रों में 15 हजार 131 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। उन्हें गहन जांच-पड़ताल के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। महिला परीक्षार्थियों के गहनों से लेकर हाथों में डाले गए धागे तक उतरवाकर अंदर भेजा गया। इसके अलावा आला अधिकारियों द्वारा कई बार परीक्षा केंद्रों का दौरा किया गया। हालांकि कई परीक्षा केंद्रों के बाहर आदेशों के बावजूद फोटो स्टेट की दुकानें परीक्षा के दौरान भी खुली नजर आईं।
कैथल में स्थापित किए गए 43 परीक्षा केंद्रों पर दोनों सत्रों में 22 हजार 984 आवेदकों में से 15 हजार 131 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए थे। इसी कड़ी में 11, 17 व 18 नवंबर को भी इन पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। डीसी धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रात: कालीन सत्र में 7485 व सायं कालीन सत्र में 7646 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
गहन जांच-पड़ताल के बाद जाने दिया गया अंदर : सभी परीक्षा केंद्रों की फिजिकल वेरीफिकेशन की गई तथा इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों को गहन-जांच पड़ताल के बाद ही अंदर जाने दिया गया। 11 ड्यूटी मजिस्ट्रेट/उड़नदस्ता अधिकारी नियुक्त किए गए।
एसडीएम कमलप्रीत कौर ने कहा कि ग्रुप डी पदों हेतु लिखित परीक्षा शांति पूर्वक संपन्न हुई। इन पदों के लिए 11 नवंबर के अतिरिक्त 17 व 18 नवंबर को भी दोनों सत्रों में लिखित परीक्षा आयोजित होगी।
एसपी ने परीक्षा शुरू होने से पहले लिया हालात का जायजा : एसपी आस्था मोदी सुबह आठ बजे ही परीक्षा केंद्रों के दौरे पर निकल गईं। उन्होंने जाट स्कूल में परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों से प्रवेश से पूर्व गहन जांच-पड़ताल की। परीक्षा केंद्र अधीक्षक से अंदर व बाहर सुरक्षा उपायों पर मंथन किया। साथ ही डीएसपी तरण सैनी के साथ पूरे शहर में आयोजित परीक्षा को लेकर विमर्श कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फोटो स्टेट की दुकानें खुली रहीं : अंबाला रोड, करनाल रोड सहित कई जगहों पर प्रशासन के आदेशों के बावजूद फोटोस्टेट की दुकानें खुलीं रहीं। एक परीक्षा केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार के निकट स्थित फोटोस्टेट की दुकान से परीक्षा शुरू होने व बाद तक भी युवा फोटो स्टेट करवाते दिखे। जबकि प्रशासन द्वारा 200 मीटर की परिधि तक फोटो स्टेट की दुकानें खोलने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। अधिकतर अधिकारी यहां से गुजरे, लेकिन किसी का ध्यान नहीं गया।