जो जनता के बीच नहीं जाते वे महंगे पेट्रोल व डीजल की कीमत क्या समझेंगे : राजकुमार सैनी
- सांसद राजकुमार सैनी ने बीरेंद्र सिंह से लेकर अरुण जेटली सहित राज्यसभा से सांसद के बाद मंत्री बनें केंद्रीय नेताओं पर साधा निशाना
- कहा- सुरजेवाला हर बार सीएम बनने का सपना दिखाकर विजय हासिल करते हैं, ये सपना न दिखाएं तो विधायक भी नहीं बन पाएंगे
कैथल के लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में सांसद ने कहा 30 को ढांड में आयोजित होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
फोटो संख्या-1
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सांसद राजकुमार सैनी बुधवार को केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह से लेकर अरुण जेटली सहित राज्यसभा से सांसद के बाद मंत्री बनें केंद्रीय नेताओं पर जमकर बरसे। सांसद ने कहा कि इन लोगों को जनता के बीच ही नहीं जाना तो ये महंगे तेल व डीजल की कीमत क्या समझेंगे। चाहे वित्त मंत्री हों, रेल मंत्री हों या रक्षा मंत्री या फिर ग्रामीण विकास मंत्री देश के बड़े विभागों के मंत्रियों को जनता की जवाबदेही नहीं हैं, क्योंकि वे राज्यसभा से सांसद बनकर मंत्री बने हैं। यही कारण है कि ये नेता डीजल व पेट्रोल की कीमतें कम करने की बात करने की बजाए जनता को ठेंगा दिखा रहे हैं।
कैथल के लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में पहुंचे सांसद एवं लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के सुप्रीमो राजकुमार सैनी ने कहा कि क्या इन नेताओं की यह बात कहना ठीक है कि उनका कीमतों पर कंट्रोल नहीं। तो क्या कंट्रोल अमेरिका करने आएगा? राफेल डील पर कांग्रेस के विरोध पर सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 55 साल राज किया। बोफोर्स, कोयला, कॉमनवेल्थ सहित कई घोटाले दिखाने के बाद अब राफेल का मुद्दा उठाकर अपने पाप ढकना चाहते हैं। प्रदेश में 52 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग का नौकरियों में हिस्सा कांग्रेस ने 11 प्रतिशत पर लाकर दफन कर दिया तो भाजपा के 4 साल के कार्यकाल में यह 11 से 12 प्रतिशत नहीं हुआ। जो दुखदायी है। प्रदेश में दुष्कर्म की बढ़ रही घटनाएं निंदनीय हैं। एक केंद्रीय मंत्री व उनकी विधायक पत्नी का बयान आपत्तिजनक है कि बेरोजगार युवा ऐसा करते हैं।
बलियांवाला में प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल : सांसद ने कहा कि टोहाना के गांव बलियांवाला में पिछड़ा वर्ग पर सवर्ण समाज द्वारा किए गए हमले, बचाने गए पुलिस कर्मचारी को भी घायल करने की घटना में प्रशासन ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया है। जो निंदनीय है। इस मामले में दोषियों के खिलाफ ही कार्रवाई होनी चाहिए? वे 30 सितंबर को ढांड में कार्यकर्ता सम्मेलन मेें कैथल जिले की कार्यकारिणी का गठन करेंगे। उनके साथ अनिल सैनी, मांगे राम, हुसन सिंह कठवाड़, धर्मबीर सैनी सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नायब सैनी के एक बयान पर जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि उन्हें तो दिन व रात भूत के रूप में राजकुमार सैनी नजर आता है।
सुरजेवाला सीएम बनने का सपना दिखाकर जीतते हैं हर बार सीट : सैनी ने कांग्रेसी नेता रणदीप सुरजेवाला पर निशाना साधते हुए कहा कि तीन बार से वह सीएम बनने का सपना दिखा रहा है। यदि यह सपना जनता को न दिखाए तो सुरजेवाला को अपनी एमएलए की सीट भी बचानी मुश्किल हो जाएगी। पिछड़ा वर्ग के 27 प्रतिशत आरक्षण देने की रैलियों करके और बैग लॉग के पूरा करने के वादे करके अब ये नेता लोगों को बरगला रहे हैं। पिछड़ा वर्ग की जब लूटपाट हुई उसमें इन लोगों ने साइन किए। अब फिर सुरजेवाला, हुड्डा हो या चौटाला सभी को पिछड़ा वर्ग की याद आ रही है।