सोथा में चंडीगढ़ से पहुंची टीम ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल।
गांव सोथा में लगातार हो रही मौतों के चलते चंडीगढ़ से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का दौरा किया और लोगों की मृत्यु के कारणों की पड़ताल की। उप-निदेशक राजेश ख्यालिया टीम के साथ गांव में पहुंचे और लोगों से बात की। इस अवसर पर उनके साथ एसएमओ चीका डा. संदीप बातीश भी मौजूद थे।
राजेश ख्यालिया ने बताया की पेयजल में सभी नमूने जो लिए गए थे फेल आए हैं। गांव में फॉगिंग, सफाई पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। एसएमओ गुहला डा. संदीप ने बताया कि 3 अक्टूबर से ही गांव सोथा में चिकित्सा जांच शिविर लगाया हुआ है और लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। उन्हें दवाइयां भी दी जा रही हैं। सरपंच सतीश कुमार ने बताया की उनकी लड़की व माता दोनों ही बीमार हैं तथा कैथल अस्पताल में दाखिल हैं। सरपंच ने बताया कि गांव का एक मरीज पटियाला व दो मरीज पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल है। कैथल अस्पताल व निजी अस्पतालों में 10-12 मरीज दाखिल हैं। गांव में भी एक दर्जन लोग बीमार हैं लेकिन उनकी हालत ठीक है या हलका बुखार है। पूर्व विधायक बूटा सिंह आर्य ने भी गांव सोथा में जा कर मृतकों के घर सांत्वना दी व मरीजों का हाल चाल जाना। बूटा सिंह ने कहा कि प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग व जन स्वास्थ्य विभाग हालात पर काबू करे। छोटे से गांव में इस प्रकार बीमारी फैलना बहुत बड़ी बात है।
गांव में हो रही मौतों के कारण की पड़ताल की
फोटो संख्या-11 व 12