बुखार से गांव सौथा में एक और बच्ची की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सीवन। गांव सौथा में बुखार से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब एक आठ वर्षीय बच्ची की बुखार से मौत हो गई। इस तरह डेढ़ माह में बुखार से मरने वालों की संख्या 14 हो गई है। बुखार से हो रही मौत से लोगों में दहशत का माहौल है। इधर, शनिवार को गांव में लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया गया। लड़की के पिता सुखविन्द्र ने बताया कि लड़की सपना अपने मामा के घर सजुमा में 2 अक्तूबर को गई थी वहां उसे तेज बुखार हुआ तो सजुमा में चिकित्सक को दिखाया गया। यहां दो दिन तक इलाज चला, मगर तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। तेज बुखार कोने से उसे इलाज के लिए कलायत ले जा रहे थे। रास्ते में ही लड़की सपना की मृत्यु हो गई। जिसकी सूचना उन्हें फोन पर मिली।
सरपंच सतीश कुमार बताया कि गांव में साफ सफाई कराई जा रही है, स्वास्थ्य विभाग भी गांव सौथा पर नजर रखे हुए है। गांव के पंचायत घर में सीएमओ कैथल अशोक चौधरी, एसएमओ गुहला सन्दीप जिला मलेरिया अधिकारी देवेंद्र ने लोगों से मिल कर बीमारी के बारे में और गांव में जो बीमार हैं उनके बारे में जानकारी ली है। स्वास्थ्य की जांच के बाद दवा भी दी गई है। स्वास्थ्य टीम ने घर घर जा कर उनके घरों में सफाई आसपास जमा पानी आदि की भी जांच की। वहीं पंच महेन्द्र राणा ने बताया कि गांव सरस्वती ड्रेन के किनारे पर बसा है।इससे बदबू फैली रहती है।