ग्रामीण क्षेत्रों के डेरों को भी करवाया खाली
-कई डेरों से लाठियां व अन्य सामग्री मिली
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डेरा सच्चा सौदा के गांवों में स्थित डेरों को भी प्रशासन ने खाली करवा लिया है। गुहला क्षेत्र के गांवों में कई डेरे थे। जिनकी प्रशासन ने तलाशी लेकर उन्हें खाली करवाते हुए ताला लगा दिया। एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि गांव अमीन, खुनारा, घग्गड़पुर, खरौदी व बौपुर में भी डेरे बनाए गए थे। इन सभी डेरों की तलाशी लेकर उन्हें ताला लगा दिया गया है। इन डेरों में भी लाठी व अन्य सामान मिला है। इस बारे में सरकार को रिपोर्ट भेज दी गई थी।
जींद रोड बाईपास चौक पर डेरा बाबा प्रमुख के नाम से शाह सतनाम चौक बनाया गया है। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर नेशनल हाइवे पर किसी डेरा प्रमुख के नाम से चौक कैसे हो सकता है। इसके लिए अनुमति ली गई थी या नहीं। लोगों के अनुसार पहले यहां एक बैंक का स्ट्रक्चर था। जिसे बदलकर विधानसभा चुनाव से ऐन पहले डेरा संगत ने खुद ही डेरा प्रमुख के नाम से चौक बना दिया। लोगों की मांग है कि इस मामले की जांच करवाई जाए कि डेरा प्रमुख के नाम से बनाए गए इस चौक की अनुमति है भी या नहीं। यदि अनुमति नहीं हैं तो इसे किस आधार पर यहां बनने दिया गया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस बारे में जांच करनी चाहिए।