फोटो संख्या 51 से 54
कलायत में रेलवे स्टेशन, बिजली घर में आग लगाई
- बिजली घर में रिकॉर्ड जलाया, रेलवे स्टेशन पर नहीं फैल पाई आग
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरुमीत राम रहीम सिंह को सीबीआई कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद कलायत में तनाव की स्थिति बन गई। डीएसपी सतीश गौतम के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में भारी पुलिस बल तैनात रहा। करीब साढ़े चार बजे उपद्रवियों ने कलायत के बिजली घर तथा रेलवे स्टेशन पर आग लगा दी। जिसमें बिजली विभाग में रिकॉर्ड जल गया वहीं रेलवे स्टेशन पर आग ज्यादा नहीं फैल पाई। पुलिस ने तत्काल स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने कलायत में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद करवा दिए। जिससे कर्फ्यू जैसा माहौल बन गया। चर्चाओं व अफवाहों का बाजार पूरी तरह से गर्मा गया।
जानकारी के आधार पर उपद्रवियों ने सबसे पहले बिजली घर पर हमला बोल कर कार्यालय के दो कमरों में आग लगाने की कोशिश की। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी कार्यालय में तैनात कर्मचारियों को पीटा। यहां कर्मचारियों की तलाशी लिए जाने की भी सूचनाएं मिली हैं। सूचना मिलते ही पुलिस का अमला, फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस मौके पर पहुंची व प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। तभी सूचना आई की प्रदर्शनकारी रेलवे स्टेशन पर इकट्ठा हो कर पथराव कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर जमा हुए उपद्रवियों ने रेलवे स्टेशन के कंट्रोल रूम को भी आग लगाने की कोशिश की। रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी के जवानों पर भी उपद्रवियों ने पथराव किया। जवानों ने हवाई फायर करके उपद्रवियों को मौके से भगा दिया।
पॉलीथिन में पेट्रोल में आग लगाकर जलाने का प्रयास
बिजली घर व रेलवे स्टेशन पर पेट्रोल से भरी पॉलीथिन से आगजनी की कोशिश की गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस सभी मार्गों पर गश्त कर रही थी। डीएसपी गौतम ने कहा कि किसी को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नही दी जाएगी। जो भी व्यक्ति कानून को तोड़ने की कोशिश करेगा, पुलिस उससे सख्ती से निपटेगी। इससे पूर्व सुबह संत राम रहीम के काफिले को देखने के लिए डेरा प्रेमियों व लोगों की सड़क के दोनों और भारी भीड़ रही। स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए पुलिस ने जगह जगह नाकेबंदी की थी। लोगों को एक निर्धारित सीमा से आगे नही आने दिया जा रहा था।